☰
×

निवेशकों के लिए काम की खबर: अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के लिए स्मॉल सेविंग्स रेट्स जारी, जानिए आपकी पसंदीदा स्कीम का ब्याज

 

PPF, सुकन्या समृद्धि और पोस्ट ऑफिस की छोटी बचत योजनाओं में पैसा लगाने वालों के लिए बड़ी खबर है। सरकार ने अक्टूबर से दिसंबर 2026 यानी वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही के लिए इन योजनाओं की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है।इसका मतलब है कि अगले तीन महीनों तक मौजूदा ब्याज दरें ही लागू रहेंगी। यह लगातार 11वीं तिमाही है, जब सरकार ने स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है।सरकार ने आखिरी बार दिसंबर 2023 में कुछ छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों में बदलाव किया था।

PPF पर 7.1% और सुकन्या योजना पर 8.2% ब्याज

फिलहाल पब्लिक प्रोविडेंट फंड यानी PPF पर 7.1% सालाना ब्याज मिलता रहेगा। वहीं सुकन्या समृद्धि योजना पर 8.2% ब्याज दर बरकरार रखी गई है।

अलग-अलग स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स पर ब्याज दरें फिलहाल 4% से 8.2% के बीच हैं।

इन ब्याज दरों की समीक्षा सरकार हर तीन महीने में करती है। दरें तय करते समय सरकार महंगाई, बाजार की स्थिति और सरकारी बॉन्ड की यील्ड जैसे कई आर्थिक संकेतकों को ध्यान में रखती है।

हर तिमाही क्यों बदल सकती हैं ब्याज दरें?

स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स की ब्याज दरों की समीक्षा हर तीन महीने में की जाती है।

इन दरों को तय करने के लिए श्यामला गोपीनाथ समिति की सिफारिशों को भी आधार माना जाता है। समिति ने सुझाव दिया था कि छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरें समान अवधि वाले सरकारी बॉन्ड की यील्ड से करीब 0.25% से 1% ज्यादा होनी चाहिए।

हालांकि, अंतिम ब्याज दर का फैसला सरकार करती है।

आम लोगों की बचत का बड़ा जरिया हैं ये स्कीम्स

PPF, सुकन्या समृद्धि, पोस्ट ऑफिस FD, NSC और दूसरी छोटी बचत योजनाएं देश में लोगों की बचत का एक प्रमुख माध्यम हैं।इन योजनाओं में निवेश करने वालों को नियमों के अनुसार तय ब्याज मिलता है। इन योजनाओं के तहत जमा होने वाली रकम को National Small Savings Fund यानी NSSF में रखा जाता है।

छोटी बचत योजनाओं को तीन हिस्सों में समझें

1. पोस्टल डिपॉजिट स्कीम्स

  • पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट
  • रिकरिंग डिपॉजिट
  • टाइम डिपॉजिट
  • मंथली इनकम स्कीम

2. सेविंग सर्टिफिकेट

  • नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट यानी NSC
  • किसान विकास पत्र यानी KVP

3. सोशल सिक्योरिटी स्कीम्स

  • पब्लिक प्रोविडेंट फंड यानी PPF
  • सुकन्या समृद्धि योजना यानी SSY
  • सीनियर सिटिजन सेविंग्स स्कीम यानी SCSS

अब अक्टूबर-दिसंबर तक क्या रहेगा?

फिलहाल अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक इन छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं होगा। यानी निवेशकों को इस अवधि में मौजूदा दरों के हिसाब से ही ब्याज मिलेगा।अगली समीक्षा के दौरान सरकार आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए ब्याज दरों को बढ़ाने, घटाने या मौजूदा स्तर पर बनाए रखने का फैसला कर सकती है।