विदेश घूमने जाने वाले भारतीयों के लिए खुशखबरी, अब UPI से बुक होंगे बुर्ज खलीफा और यूनिवर्सल स्टूडियो के टिकट
विदेश घूमने जाने वाले भारतीय पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। अब दुबई के बुर्ज खलीफा और सिंगापुर के यूनिवर्सल स्टूडियो जैसी मशहूर जगहों के टिकट ऑनलाइन बुक करने के लिए इंटरनेशनल क्रेडिट या डेबिट कार्ड की जरूरत नहीं होगी। भारतीय पर्यटक अपने मोबाइल में मौजूद UPI ऐप के जरिए ही टिकट की बुकिंग और भुगतान कर सकेंगे। वित्त मंत्रालय ने 30 अक्टूबर को इस सुविधा की जानकारी दी है।
इस पहल से विदेश यात्रा की योजना बनाने वाले भारतीयों के लिए टिकट बुकिंग पहले से आसान हो जाएगी। अब उन्हें इंटरनेशनल पेमेंट गेटवे या विदेशी कार्ड से भुगतान करने की परेशानी से नहीं गुजरना पड़ेगा। यह सुविधा NPCI की अंतरराष्ट्रीय इकाई NPCI International Payments Limited (NIPL) की साझेदारी के तहत शुरू की गई है।
दुबई के बुर्ज खलीफा में UPI से बुकिंग
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में NIPL ने NEOPAY और Emaar Entertainment के साथ साझेदारी की है। इसके तहत दुबई की मशहूर इमारत बुर्ज खलीफा के 'At the Top' ऑब्जर्वेशन डेक के टिकट ऑनलाइन UPI से बुक किए जा सकेंगे। यह UAE का पहला पर्यटन स्थल है, जहां ई-कॉमर्स के लिए UPI भुगतान की सुविधा शुरू की गई है।
सिंगापुर के इन पर्यटन स्थलों पर भी मिलेगी सुविधा
सिंगापुर में NIPL ने भुगतान सेवा प्रदाता FOMO Pay के साथ साझेदारी की है। इसके जरिए Resorts World Sentosa के प्रमुख आकर्षणों के टिकट भी UPI से बुक किए जा सकेंगे। इनमें शामिल हैं:
-
यूनिवर्सल स्टूडियो सिंगापुर
-
सिंगापुर ओशनैरियम
-
एडवेंचर कोव वाटरपार्क
इससे सिंगापुर घूमने जाने वाले भारतीय पर्यटकों को टिकट बुकिंग के लिए अलग से अंतरराष्ट्रीय कार्ड की व्यवस्था नहीं करनी पड़ेगी।
10 देशों में स्वीकार किया जा रहा UPI
विदेशों में UPI का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। फिलहाल सिंगापुर, UAE, फ्रांस, मॉरीशस, नेपाल, भूटान, कतर, श्रीलंका, कंबोडिया और ग्रीस समेत 10 देशों में UPI भुगतान स्वीकार किया जाता है। फ्रांस के एफिल टॉवर के टिकटों की बुकिंग के लिए भी जनवरी 2024 में UPI सुविधा शुरू की गई थी।
वित्त मंत्रालय के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान भारतीय पर्यटकों को आसान, सुरक्षित और परिचित भुगतान विकल्प उपलब्ध कराना है। इससे विदेश में घूमने की योजना बनाना और पर्यटन स्थलों के टिकट पहले से बुक करना पहले के मुकाबले अधिक सुविधाजनक होगा।