×

Gold-Silver Price Today: सोना ₹1.62 लाख के पार, चांदी ₹1,945 सस्ती; जानें कैरेट वाइज रेट

 

सोने की कीमतों में 25 अगस्त को फिर तेजी देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 190 रुपये बढ़कर करीब 1.62 लाख रुपये हो गया है। दूसरी ओर, चांदी की कीमत में गिरावट आई है। एक किलो चांदी 1,945 रुपये सस्ती होकर करीब 2.43 लाख रुपये पर आ गई है।

इस साल सोना 29 हजार रुपये तक महंगा

2026 में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। इस साल अब तक सोना करीब 29 हजार रुपये महंगा हो चुका है।

31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने की कीमत करीब 1.33 लाख रुपये थी, जो अब बढ़कर 1.62 लाख रुपये के आसपास पहुंच गई है।

वहीं, 31 दिसंबर 2025 को एक किलो चांदी का भाव करीब 2.30 लाख रुपये था। अब इसकी कीमत बढ़कर करीब 2.43 लाख रुपये हो गई है।

इस साल 29 जनवरी को सोने और चांदी दोनों ने नया रिकॉर्ड बनाया था। उस दिन सोने की कीमत 1.76 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत 3.86 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी।

दिसंबर तक 1.70 लाख रुपये तक पहुंच सकता है सोना

कोटक सिक्योरिटीज के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और कमोडिटी रिसर्च हेड अनिंद्य बनर्जी के मुताबिक, सोने को आम निवेशकों के साथ-साथ दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों से भी लगातार सपोर्ट मिल रहा है। केंद्रीय बैंक, जिसमें RBI भी शामिल है, सोने की खरीदारी कर रहे हैं।

उनके मुताबिक, अगर वैश्विक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण बनी रहती हैं तो सोने की कीमतों में तेजी जारी रह सकती है। वहीं, हालात में सुधार होने पर चांदी में भी तेजी देखने को मिल सकती है।

मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए अनुमान है कि दिसंबर तक सोने की कीमत करीब 1.70 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव 3 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकता है।

ज्वेलर्स से सोना खरीदते समय इन 3 बातों का रखें ध्यान

1. BIS हॉलमार्क वाला सोना ही खरीदें

सोना खरीदते समय हमेशा BIS हॉलमार्क वाला प्रमाणित सोना खरीदें। हॉलमार्क से सोने की शुद्धता की जानकारी मिलती है। हॉलमार्क पर अल्फान्यूमेरिक पहचान संख्या भी दर्ज होती है।

2. सोने की कीमत जरूर क्रॉस चेक करें

सोना खरीदने से पहले उसका वजन और उस दिन का भाव अलग-अलग विश्वसनीय स्रोतों से जरूर जांच लें। 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने की कीमत अलग-अलग होती है, इसलिए सही कैरेट के हिसाब से कीमत की तुलना करें।

3. मेकिंग चार्ज पर जरूर करें बातचीत

ज्वेलरी बनवाने के लिए ज्वेलर्स की ओर से मेकिंग चार्ज लिया जाता है। यह शुल्क हर दुकान और डिजाइन के हिसाब से अलग हो सकता है। खरीदारी से पहले मेकिंग या लेबर चार्ज का पूरा ब्रेकअप मांगें और जरूरत हो तो इस पर बातचीत भी करें। बड़ी खरीदारी में मेकिंग चार्ज कम कराने की गुंजाइश भी हो सकती है।