Gold Hallmark: हॉलमार्क सोने की शुद्धता पर सवाल, 80% से ज्यादा ज्वैलर्स की दुकानों की जांच नहीं कर पाया BIS
देश में हॉलमार्क वाले सोने की शुद्धता को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की जांच में सामने आया है कि भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) बाजार में बिक रहे हॉलमार्क सोने की निगरानी ठीक से नहीं कर पा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले पांच सालों में 80 फीसदी से अधिक रजिस्टर्ड ज्वैलर्स की दुकानों पर जांच नहीं की गई। इससे ग्राहकों को कम शुद्धता वाला सोना मिलने और धोखाधड़ी का खतरा बढ़ सकता है।
पांच साल में ज्यादातर दुकानों की जांच नहीं
नियमों के अनुसार, BIS को हर साल कम से कम एक बार रजिस्टर्ड ज्वैलर्स की दुकानों का निरीक्षण करना होता है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दुकानदार हॉलमार्क के नाम पर निर्धारित शुद्धता वाला सोना ही बेच रहे हैं।
हालांकि, CAG की ड्राफ्ट रिपोर्ट में निगरानी व्यवस्था में बड़ी कमी बताई गई है। आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में कुल 28,865 लाइसेंसधारक ज्वैलर्स में से केवल 5,444 की दुकानों की जांच की गई। यानी करीब 81 फीसदी दुकानों का निरीक्षण नहीं हुआ।
हॉलमार्किंग केंद्रों की निगरानी में भी कमी
रिपोर्ट में हॉलमार्किंग केंद्रों (AHC) की निगरानी पर भी सवाल उठाए गए हैं। इन्हीं केंद्रों पर सोने के गहनों की शुद्धता की जांच की जाती है और उन्हें छह अंकों का HUID नंबर दिया जाता है।
CAG के अनुसार, BIS हॉलमार्किंग केंद्रों की जांच के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने में भी करीब 44 फीसदी पीछे रहा। इससे हॉलमार्किंग प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं।
कर्मचारियों की कमी को बताया वजह
CAG की ओर से सवाल उठाए जाने पर BIS ने कर्मचारियों की कमी और दूर-दराज के क्षेत्रों से सैंपल जुटाने में आने वाली मुश्किलों का हवाला दिया। हालांकि, कैग ने इन कारणों को निगरानी में कमी का पर्याप्त जवाब नहीं माना।
संसद में पेश हो सकती है रिपोर्ट
फिलहाल यह CAG की ड्राफ्ट रिपोर्ट है। उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय से अंतिम प्रतिक्रिया मिलने के बाद इसे संसद में पेश किए जाने की उम्मीद है। रिपोर्ट के निष्कर्षों से सोने की हॉलमार्किंग व्यवस्था और ग्राहकों के हितों की सुरक्षा को लेकर जवाबदेही पर चर्चा तेज हो सकती है।