आपदा के समय 3 महीने तक नहीं कटेगा पूरा PF, वीडियो में जाने सरकार ने जोड़ा नया प्रावधान
केंद्र सरकार ने कर्मचारी भविष्य निधि यानी PF से जुड़े नए प्रावधान में आपात स्थिति के दौरान कर्मचारियों को राहत देने की व्यवस्था की है। नई कर्मचारी भविष्य निधि योजना 2026 के तहत यदि देश में कोई बड़ी आपदा, महामारी या अन्य निर्धारित आपात स्थिति पैदा होती है, तो सरकार कर्मचारियों की सैलरी से होने वाली PF कटौती को अस्थायी रूप से रोकने या कम करने का फैसला ले सकती है। नए प्रावधान के मुताबिक, ऐसी स्थिति में कर्मचारी की सैलरी से PF का पूरा योगदान अधिकतम तीन महीने तक नहीं काटा जा सकेगा या उसमें आंशिक राहत दी जा सकती है। हालांकि, यह व्यवस्था अपने आप लागू नहीं होगी। आपात स्थिति की प्रकृति और उसके दायरे को केंद्र सरकार तय करेगी और इसके लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।
सरकार तय करेगी कब लागू होगा नियम
इस प्रावधान के तहत PF कटौती में राहत कब दी जानी है, इसका फैसला केंद्र सरकार करेगी। इसके लिए सरकार को यह तय करना होगा कि कौन-सी परिस्थिति इस विशेष प्रावधान के दायरे में आती है।सरकार नोटिफिकेशन के जरिए यह स्पष्ट करेगी कि राहत कितने समय के लिए और किन क्षेत्रों में लागू होगी। नियम के अनुसार यह राहत पूरे देश में लागू की जा सकती है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर किसी विशेष राज्य, केंद्र शासित प्रदेश या किसी खास क्षेत्र के लिए भी इसे लागू किया जा सकता है।
महामारी या राष्ट्रीय आपदा में मिल सकती है राहत
अगर देश में महामारी, राष्ट्रीय आपदा या ऐसी कोई गंभीर आपात स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे कर्मचारियों और कंपनियों की आर्थिक स्थिति प्रभावित होती है, तो सरकार इस प्रावधान का इस्तेमाल कर सकती है।इसका उद्देश्य मुश्किल समय में कर्मचारियों की हाथ में आने वाली सैलरी को बढ़ाना और कंपनियों पर पड़ने वाले तत्काल वित्तीय दबाव को कम करना हो सकता है। PF में कर्मचारी और नियोक्ता दोनों का योगदान होता है। ऐसे में कटौती में अस्थायी राहत मिलने से आपात स्थिति के दौरान नकदी की उपलब्धता बढ़ सकती है।
अधिकतम तीन महीने की राहत
प्रावधान के अनुसार PF योगदान में यह राहत अधिकतम तीन महीने की अवधि के लिए हो सकती है। इसका मतलब यह नहीं है कि सामान्य परिस्थितियों में PF कटौती बंद हो जाएगी। यह व्यवस्था केवल सरकार द्वारा अधिसूचित विशेष आपात स्थिति में ही लागू की जा सकेगी।सरकार यह भी तय कर सकती है कि राहत पूरी कटौती रोकने के रूप में दी जाए या PF योगदान को कुछ समय के लिए आंशिक रूप से कम किया जाए।
कर्मचारियों और कंपनियों दोनों के लिए अहम बदलाव
PF कर्मचारियों की लंबी अवधि की बचत और रिटायरमेंट फंड का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए सामान्य परिस्थितियों में PF योगदान जारी रहना कर्मचारी की भविष्य की वित्तीय सुरक्षा के लिए अहम होता है। नए प्रावधान का इस्तेमाल केवल असाधारण परिस्थितियों में अस्थायी राहत देने के लिए किया जाएगा।
आपदा की स्थिति में सरकार द्वारा जारी नोटिफिकेशन में लागू क्षेत्र, अवधि और राहत की सीमा जैसी जानकारी स्पष्ट की जाएगी। इसलिए किसी भी कर्मचारी को सामान्य स्थिति में अपनी PF कटौती को लेकर बदलाव की जरूरत नहीं होगी। यह प्रावधान केवल तब प्रभावी होगा, जब केंद्र सरकार आधिकारिक रूप से इसे लागू करने का आदेश जारी करेगी।