Elon Musk Pledge: ट्रंप अकाउंट वाले लाखों अमेरिकी बच्चों को मिलेगा SpaceX का शेयर, मस्क ने निजी शेयर देने का भी किया वादा
एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने अमेरिकी बच्चों को कंपनी का शेयर देने की योजना का ऐलान किया है। इसके तहत पात्र बच्चों के हर एक्टिव ‘ट्रंप अकाउंट’ में स्पेसएक्स का एक-एक नया शेयर दिया जाएगा। कंपनी का उद्देश्य नई पीढ़ी को कम उम्र से ही निवेश और लंबी अवधि की बचत से जोड़ना है।
इस योजना में स्पेसएक्स के साथ कंपनी के CEO एलन मस्क और प्रेसिडेंट एवं COO ग्विन शॉटवेल भी अपना निजी योगदान देंगे। बुधवार को नैस्डैक पर स्पेसएक्स का शेयर 127 डॉलर पर बंद हुआ था।
कैसे काम करेगी शेयर देने की योजना?
योजना के तहत स्पेसएक्स हर एक्टिव ट्रंप अकाउंट के लिए एक नया क्लास-ए कॉमन स्टॉक शेयर जारी करेगी। एलन मस्क भी कंपनी की ओर से दिए जाने वाले प्रत्येक शेयर के बराबर एक शेयर अपनी निजी हिस्सेदारी से देंगे।
इसके अलावा स्पेसएक्स की प्रेसिडेंट और COO ग्विन शॉटवेल 20 लाख से ज्यादा निजी शेयर इस योजना के तहत देंगी। इस तरह कंपनी और उसके शीर्ष अधिकारी मिलकर बच्चों को स्पेसएक्स में हिस्सेदारी देने में योगदान करेंगे।
क्या हैं ट्रंप अकाउंट?
ट्रंप अकाउंट अमेरिका में बच्चों के लिए शुरू किए गए खास टैक्स-फायदे वाले बचत और निवेश खाते हैं। इनका मकसद बच्चों के नाम पर कम उम्र से ही पैसा जमा करना और भविष्य के लिए निवेश की शुरुआत करना है।
स्पेसएक्स का मानना है कि इन खातों के जरिए बच्चों को कंपनी की हिस्सेदारी देना उन्हें लंबे समय तक निवेश से जुड़े रहने का मौका देगा। इससे वे भविष्य में कंपनी की तरक्की का हिस्सा भी बन सकेंगे।
एलन मस्क ने पहले भी किया था शेयर देने का वादा
अक्टूबर में एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हर अमेरिकी बच्चे को स्पेसएक्स का एक शेयर देने की बात कही थी। अब कंपनी और उसके शीर्ष अधिकारियों के निजी योगदान के साथ इस योजना को आगे बढ़ाने का ऐलान किया गया है।
कंपनी ने क्या बताई योजना की वजह?
स्पेसएक्स के मुताबिक, कंपनी भविष्य की तकनीक और बुनियादी ढांचे को विकसित करने के साथ इंसानों को दूसरे ग्रहों तक पहुंचाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। कंपनी चाहती है कि अमेरिका की अगली पीढ़ी भी इस सफर में हिस्सेदार बने।
स्पेसएक्स का मानना है कि बच्चों को कंपनी के शेयर देने से वे भविष्य की तकनीक के विकास से जुड़ सकेंगे और लंबी अवधि में कंपनी की सफलता का लाभ उठा पाएंगे।