×

Credit Card Alert: लिमिट के करीब पहुंचकर करते हैं खर्च तो हो जाएं सावधान, बिगड़ सकता है क्रेडिट स्कोर 
 

 


आज के समय में खरीदारी से लेकर ऑनलाइन बिल पेमेंट तक के लिए क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने पर तुरंत अपनी जेब से पैसे खर्च नहीं करने पड़ते और बाद में बिल चुकाने की सुविधा मिलती है। हालांकि, यही सुविधा कई बार लोगों को जरूरत से ज्यादा खर्च करने के लिए भी प्रेरित कर सकती है।
अगर आप भी क्रेडिट कार्ड का लगातार और बड़ी रकम के लिए इस्तेमाल करते हैं तो आपको थोड़ा सावधान होने की जरूरत है। क्रेडिट कार्ड का ज्यादा इस्तेमाल न सिर्फ कर्ज का बोझ बढ़ा सकता है, बल्कि आपके क्रेडिट स्कोर पर भी असर डाल सकता है।


Credit Limit: क्या होती है कार्ड की लिमिट?
क्रेडिट कार्ड जारी करते समय बैंक एक निश्चित खर्च सीमा तय करता है। उदाहरण के लिए अगर आपके कार्ड की लिमिट 1 लाख रुपये है तो आप उस सीमा तक ही कार्ड से खर्च कर सकते हैं।
मान लीजिए आपने एक बिलिंग साइकिल में 1 लाख रुपये की लिमिट वाले कार्ड से 90 हजार रुपये खर्च कर दिए। यानी आपने अपनी उपलब्ध क्रेडिट लिमिट का करीब 90 फीसदी इस्तेमाल कर लिया। लगातार इस तरह ज्यादा क्रेडिट इस्तेमाल करने से बैंक और क्रेडिट ब्यूरो को यह संकेत मिल सकता है कि आप उधार पर ज्यादा निर्भर हैं। इससे आपके क्रेडिट स्कोर पर नकारात्मक असर पड़ने की आशंका रहती है।


Credit Utilization: जितना कम, उतना बेहतर
क्रेडिट कार्ड के मामले में सिर्फ कार्ड की कुल लिमिट ही महत्वपूर्ण नहीं होती, बल्कि उसका कितना हिस्सा इस्तेमाल किया जा रहा है, यह भी मायने रखता है। अगर हर महीने कार्ड की उपलब्ध लिमिट का बड़ा हिस्सा खर्च हो रहा है तो यह आपके क्रेडिट प्रोफाइल के लिए अच्छा संकेत नहीं माना जाता।
इसलिए कोशिश करें कि गैर-जरूरी खरीदारी के लिए क्रेडिट कार्ड की पूरी लिमिट इस्तेमाल न करें और अपनी खर्च करने की क्षमता के हिसाब से ही कार्ड का इस्तेमाल करें।


Bill Payment: समय पर पूरा बिल चुकाना जरूरी
क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने के बाद समय पर बिल का भुगतान करना बेहद जरूरी है। उदाहरण के लिए अगर आपके कार्ड का बिल 90 हजार रुपये आता है और आप सिर्फ न्यूनतम देय राशि का भुगतान करते हैं, तो बाकी रकम पर ब्याज लग सकता है।
लगातार केवल मिनिमम पेमेंट करने से आपके ऊपर बकाया रकम बढ़ सकती है। वहीं, भुगतान में देरी होने पर क्रेडिट स्कोर पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
इसलिए संभव हो तो हर महीने क्रेडिट कार्ड का पूरा बिल तय तारीख से पहले चुका दें। इससे ब्याज के अतिरिक्त बोझ से बचने के साथ-साथ क्रेडिट हिस्ट्री को भी बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है।


Emergency Fund: लिमिट को पूरी तरह न करें खत्म
क्रेडिट कार्ड की पूरी लिमिट खर्च कर देना हमेशा समझदारी नहीं होती। अचानक मेडिकल खर्च, यात्रा या किसी अन्य जरूरी स्थिति में आपको अतिरिक्त पैसों की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में अगर कार्ड की पूरी लिमिट पहले ही इस्तेमाल हो चुकी है तो परेशानी बढ़ सकती है।
इसलिए क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल सोच-समझकर करें और गैर-जरूरी खरीदारी में पूरी लिमिट खत्म करने से बचें। क्रेडिट कार्ड को सुविधाजनक भुगतान माध्यम के तौर पर इस्तेमाल करें, अतिरिक्त आमदनी के विकल्प के तौर पर नहीं।


Credit Card Tips: इन बातों का रखें ध्यान
क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते समय अपनी भुगतान क्षमता के अनुसार ही खर्च करें। कोशिश करें कि हर महीने पूरा बिल समय पर चुकाया जाए और कार्ड की लिमिट का बहुत बड़ा हिस्सा लगातार इस्तेमाल न हो। इससे अनावश्यक ब्याज और कर्ज के दबाव से बचने के साथ अपनी क्रेडिट प्रोफाइल को भी बेहतर रखने में मदद मिल सकती है।