सावधान! कहीं आपका तो नहीं इस बैंक में अकाउंट ? 1TB डेटा लीक, हैकर्स के हाथ लगी ग्राहकों की संवेदनशील जानकारी
बैंक ऑफ़ बड़ौदा (BoB) एक बड़े साइबर हमले का शिकार हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक हैकर ने दावा किया है कि उसने बैंक का लगभग 1TB (टेराबाइट) संवेदनशील डेटा डार्क वेब पर मुफ़्त में लीक कर दिया है। हैकर का दावा है कि उसने यह डेटा बैंक के सर्वर से चुराया और ऑनलाइन अपलोड किया है, जिसे कोई भी डाउनलोड और एनालाइज़ कर सकता है। इस कथित डेटा डंप में ग्राहकों के रिकॉर्ड, बैंकिंग जानकारी, इंटरनल डॉक्यूमेंट्स, ऑडिट रिपोर्ट और कंप्लायंस रिकॉर्ड शामिल हैं।
हालांकि, इस खबर के लिखे जाने तक बैंक ऑफ़ बड़ौदा, रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया (RBI) या कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अगर यह डेटा असली है, तो इससे ग्राहकों को फ़िशिंग हमलों, पहचान की चोरी (identity theft) और वित्तीय धोखाधड़ी जैसे जोखिमों का सामना करना पड़ सकता है।
**लीक हुए डेटा में क्या है?**
डार्क वेब पर पोस्ट किए गए लिंक के अनुसार, 1TB के इस डेटासेट में देश भर में बैंक की विभिन्न शाखाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी शामिल है:
* व्यक्तिगत विवरण जैसे ग्राहकों के नाम, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड नंबर।
* सेविंग्स और करंट अकाउंट का विवरण, साथ ही नेट बैंकिंग यूज़र की जानकारी।
* ग्राहकों के लोन डॉक्यूमेंट्स, NRI बैंकिंग रिकॉर्ड और कॉर्पोरेट बैंकिंग से जुड़ी फ़ाइलें।
* बैंक के इंटरनल ऑडिट, ब्रांच विजिलेंस चेक और बैंकिंग एप्लिकेशन से जुड़ी ऑडिट रिपोर्ट।
आसान शब्दों में कहें तो, अगर आप बैंक ऑफ़ बड़ौदा के ग्राहक हैं, तो आपके नाम और पहचान से जुड़े ऊपर बताए गए अकाउंट विवरण डाउनलोड के लिए उपलब्ध 1TB डेटासेट में हो सकते हैं।
**ये तुरंत कदम उठाएं:**
* अपने इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग अकाउंट के लिए लॉगिन ID और पासवर्ड तुरंत बदलें।
* UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर या mAadhaar ऐप का इस्तेमाल करके अपने आधार बायोमेट्रिक्स को लॉक करें, क्योंकि हैकर्स ने आधार नंबर भी लीक करने का दावा किया है। इससे आपकी आधार जानकारी का गलत इस्तेमाल नहीं हो पाएगा। बैंक कर्मचारी होने का दावा करने वाले किसी भी व्यक्ति की संदिग्ध कॉल, SMS या ईमेल पर भरोसा न करें।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि का तुरंत पता लगाने के लिए समय-समय पर अपने बैंक अकाउंट स्टेटमेंट की जांच करते रहें।