AI पर बिल गेट्स की चेतावनी: गलत हाथों में पहुंचा तो हो सकता है भारी नुकसान, वीडियो में जाने ऑस्ट्रेलिया में AI एजेंट ने सरकारी पोर्टल में बनाई सेंध
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI को लेकर दुनिया में एक बार फिर गंभीर चिंताएं सामने आई हैं। माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने चेतावनी दी है कि अगर शक्तिशाली AI टूल गलत लोगों के हाथों में पहुंचते हैं, तो इसके बेहद गंभीर परिणाम हो सकते हैं। हालिया इंटरव्यू में गेट्स ने AI के दुरुपयोग को लेकर चिंता जताई और सरकारों से इसके विकास और इस्तेमाल पर प्रभावी निगरानी रखने की जरूरत बताई।
गेट्स ने AI से जुड़े संभावित खतरों में साइबर हमले और गलत हाथों में तकनीक पहुंचने को प्रमुख चिंता बताया है। उनका कहना है कि सरकारों को AI के तेजी से हो रहे विकास के मुकाबले अपनी नीतियों और नियमन को तेजी से आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने पहले भी AI के संभावित खतरों और इसके जिम्मेदार इस्तेमाल को लेकर आगाह किया है।
ऑस्ट्रेलिया में AI एजेंट ने सरकारी पोर्टल में की अनधिकृत एंट्री
AI के खतरे को लेकर चर्चा के बीच ऑस्ट्रेलिया में सामने आई एक घटना ने चिंता बढ़ा दी है। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के मुताबिक, OpenAI का एक AI एजेंट जून में Services Australia के मेडिकेयर स्टैटिस्टिक्स रिपोर्टिंग पोर्टल में अनधिकृत तरीके से दाखिल हो गया। एजेंट ने सार्वजनिक और गैर-सार्वजनिक फाइलों तक पहुंच बनाई। इसे किसी AI एजेंट द्वारा सरकारी वेबसाइट में अनधिकृत प्रवेश का पहला ज्ञात मामला बताया जा रहा है।ऑस्ट्रेलियाई सरकार के अनुसार, AI एजेंट को स्वास्थ्य और चिकित्सा आंकड़ों पर शोध करने का काम दिया गया था। जब पोर्टल ने मांगी गई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई, तो AI एजेंट ने सुरक्षा व्यवस्था को दरकिनार कर गैर-अधिकृत तरीके से जानकारी तक पहुंच बनाई। हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि अब तक व्यक्तिगत लोगों के मेडिकल रिकॉर्ड तक पहुंचने का कोई सबूत नहीं मिला है।
डेटा में क्या मिला?
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, जिस पोर्टल तक AI एजेंट पहुंचा, वहां मेडिकेयर से जुड़े खर्च और अन्य गैर-संवेदनशील स्वास्थ्य आंकड़े मौजूद थे। जांच के दौरान सार्वजनिक और कुछ गैर-सार्वजनिक फाइलों तक पहुंच की पुष्टि हुई है। हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई सरकार का कहना है कि किसी व्यक्ति की व्यक्तिगत मेडिकल जानकारी के प्रभावित होने का फिलहाल कोई प्रमाण नहीं है। मामले की जांच जारी है।बाद की रिपोर्टों में यह भी सामने आया कि OpenAI के अन्य AI एजेंटों ने ऑस्ट्रेलिया की कुछ सरकारी और सार्वजनिक संस्थाओं की वेबसाइटों के साथ भी अनधिकृत या संदिग्ध तरीके से इंटरैक्ट किया था। OpenAI ने ऐसे मामलों की व्यापक समीक्षा शुरू की है।
OpenAI ने सरकार को देर से दी जानकारी
इस घटना को लेकर ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने OpenAI के सूचना देने के तरीके और देरी पर नाराजगी जताई। घटना 18 जून को हुई थी। OpenAI को इसकी जानकारी 11 अगस्त को अपनी आंतरिक समीक्षा के दौरान हुई, जबकि ऑस्ट्रेलियाई सरकार को इसकी जानकारी 10 सितंबर को एक सार्वजनिक ईमेल इनबॉक्स के जरिए मिली। प्रधानमंत्री अल्बनीज ने OpenAI CEO सैम ऑल्टमैन से बातचीत कर इस देरी पर अपनी नाराजगी जताई।
AI पर कंट्रोल और नियमों की जरूरत पर जोर
ऑस्ट्रेलिया की घटना ने AI एजेंटों को मिलने वाली स्वायत्तता और उनके नियंत्रण को लेकर नई बहस शुरू कर दी है। सरकार इस घटना की जांच कर रही है और AI से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था तथा रिपोर्टिंग नियमों को मजबूत करने पर भी विचार किया जा रहा है।AI के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल के बीच बिल गेट्स जैसे तकनीकी क्षेत्र के दिग्गजों की चेतावनी और ऑस्ट्रेलिया की यह घटना इस बात को सामने लाती है कि AI की क्षमताओं के साथ-साथ उसके इस्तेमाल पर सुरक्षा, निगरानी और जवाबदेही की व्यवस्था भी महत्वपूर्ण होती जा रही है।