☰
×

'Invest Maharashtra' के मंच से बड़ा ऐलान: अदाणी ग्रुप राज्य में करेगा ₹6 लाख करोड़ का निवेश, प्रणव अदाणी ने बताया विजन

 

महाराष्ट्र में निवेश को लेकर अदाणी ग्रुप ने बड़ा प्लान सामने रखा है। 'इन्वेस्ट महाराष्ट्र' के लॉन्च कार्यक्रम में अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के निदेशक प्रणव अदाणी ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों की दिलचस्पी को जमीन पर उतरने वाले प्रोजेक्ट्स में बदलने के लिए मजबूत सिस्टम तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि अदाणी ग्रुप महाराष्ट्र और यहां के लोगों के विकास के साथ मजबूती से खड़ा है।मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार की मौजूदगी में हुए कार्यक्रम में प्रणव अदाणी ने कहा कि महाराष्ट्र के भविष्य के दो बड़े स्तंभ हैं—औद्योगिक विकास और हर नागरिक के लिए सम्मान। उन्होंने कहा कि अदाणी ग्रुप को इन दोनों लक्ष्यों में योगदान देने पर गर्व है।

एनर्जी से लेकर एविएशन तक बड़े निवेश की तैयारी

प्रणव अदाणी के मुताबिक, दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम और महाराष्ट्र सरकार के साथ साझेदारी के तहत अदाणी ग्रुप ने राज्य में 6 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश की योजना बनाई है।इन निवेशों का फोकस एनर्जी, एविएशन, एयरो-डिस्ट्रिक्ट्स, शहरी पुनर्विकास, डेटा सेंटर और कोल गैसीफिकेशन जैसे सेक्टर्स पर रहेगा।

उन्होंने बताया कि करीब 2.6 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट या तो पूरे हो चुके हैं या उन पर काम चल रहा है। उनके मुताबिक यह मुंबई के अगले चरण के विकास यानी 'मुंबई 3.0' की दिशा में ग्रुप का योगदान है।

मुंबई और नवी मुंबई एयरपोर्ट पर भी बड़ा फोकस

प्रणव अदाणी ने कहा कि अदाणी ग्रुप को छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन और विकास का अवसर मिला है। इसके साथ ही नवी मुंबई में ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी तैयार किया जा रहा है।

उनके मुताबिक, नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट भविष्य में हर साल 9 करोड़ से ज्यादा यात्रियों को संभालने की क्षमता रखेगा। दोनों एयरपोर्ट के आसपास अदाणी ग्रुप इंटीग्रेटेड एयरपोर्ट बिजनेस और हॉस्पिटैलिटी डिस्ट्रिक्ट विकसित करने की दिशा में भी काम कर रहा है।

मुंबई की बिजली व्यवस्था में भी बड़ा योगदान

प्रणव अदाणी ने कहा कि अदाणी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई के जरिए मुंबई में 30 लाख से ज्यादा घरों और प्रतिष्ठानों को बिजली की आपूर्ति की जा रही है।

उन्होंने बताया कि कंपनी की बिजली आपूर्ति में 60 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा रिन्यूएबल सोर्स से आता है। इसके अलावा 1,000 मेगावाट का हाई-वोल्टेज डायरेक्ट करंट यानी HVDC ट्रांसमिशन लिंक शहर में बिजली आपूर्ति को मजबूत करने में मदद कर रहा है।

राज्य में पंप-स्टोरेज हाइड्रो प्रोजेक्ट्स पर भी काम किया जा रहा है, जिनका उद्देश्य ग्रीन एनर्जी की लगातार उपलब्धता बढ़ाना है।

धारावी रीडेवलपमेंट को लेकर भी बड़ा दावा

प्रणव अदाणी ने धारावी रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट का जिक्र करते हुए कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट में मानवीय संवेदना को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट में 'लोग पहले' के नजरिए पर फोकस किया जा रहा है। इसके तहत लोगों की गरिमा बनाए रखने, रिलोकेशन से पहले आधुनिक घर उपलब्ध कराने और छोटे कारोबारों को व्यवस्थित व सुरक्षित करने की बात कही गई।

प्रणव अदाणी के मुताबिक, लक्ष्य धारावी को एक आधुनिक और इंटीग्रेटेड आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित करना है। यह पूरा निवेश प्लान ऐसे समय में सामने आया है, जब महाराष्ट्र ने 2030 तक 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य रखा है और मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन को इसमें अहम भूमिका निभानी है।