☰
×

खाद्य सुरक्षा पर बड़ा एक्शन: चॉकलेट और मक्का प्रोडक्ट्स बनाने वाली कंपनियों पर FSSAI की गाज, जानें पूरा मामला

 

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा, साफ-सफाई और नियमों के गंभीर उल्लंघन के मामले में दो फूड कंपनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। FSSAI ने M/s TCF Chocolates and Gifts Pvt. Ltd. और M/s Shivam Agro के फूड बिजनेस लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिए हैं।दोनों कंपनियों को लाइसेंस निलंबित रहने के दौरान अपनी सभी खाद्य कारोबार गतिविधियां बंद रखने का निर्देश दिया गया है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को साफ-सफाई, पेस्ट कंट्रोल, फूड स्टोरेज और जरूरी रिकॉर्ड से जुड़ी कई कमियां मिलीं।

TCF Chocolates and Gifts में मिलीं कई खामियां

चॉकलेट और गिफ्ट प्रोडक्ट्स से जुड़ी TCF Chocolates and Gifts के परिसर में निरीक्षण के दौरान फूड प्रोसेसिंग एरिया की स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली।निरीक्षण में कथित तौर पर कीड़े-मकौड़ों की मौजूदगी और बिल्ली के मल के निशान पाए गए। इसके अलावा खुले ड्रेनेज, खराब पेस्ट कंट्रोल और साफ-सफाई की कमी जैसी समस्याएं भी सामने आईं।

अधिकारियों को परिसर में एक्सपायर्ड फूड कलर भी मिला। खाद्य सामग्री के आसपास क्लीनिंग केमिकल रखे पाए गए और जरूरी फूड सेफ्टी रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे।बताया गया है कि पिछले निरीक्षण के दौरान भी कंपनी का कंप्लायंस स्कोर सिर्फ 14 फीसदी रहा था। इसके बाद दोबारा सामने आई गंभीर कमियों को देखते हुए लाइसेंस सस्पेंड करने की कार्रवाई की गई।

Shivam Agro पर भी कार्रवाई

दूसरी कंपनी M/s Shivam Agro के परिसर में भी खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर कमियां सामने आईं। निरीक्षण के दौरान मक्खियों की मौजूदगी, कचरा, रुका हुआ गंदा पानी और मकड़ियों का प्रकोप देखा गया।इसके अलावा चूहों की गतिविधि और पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था में कमी भी पाई गई। परिसर में कुछ उपकरण जंग लगे हुए थे और खाद्य सामग्री के साथ गैर-खाद्य सामान भी रखा गया था।खाद्य तेल की प्रोसेसिंग में इस्तेमाल होने वाले टैंकों की फूड-कॉन्टैक्ट सेफ्टी को लेकर भी संतोषजनक स्थिति नहीं मिली। कंपनी की इन-हाउस लैब भी काम नहीं कर रही थी।

लेबलिंग में भी सामने आई गड़बड़ी

निरीक्षण के दौरान उत्पादों की लेबलिंग को लेकर भी आपत्तियां सामने आईं। अधिकारियों के अनुसार, कुछ उत्पादों पर सर्विंग और कोलेस्ट्रॉल से संबंधित जानकारी सही तरीके से दर्ज नहीं थी।FSSAI की कार्रवाई के बाद दोनों कंपनियों को लाइसेंस सस्पेंशन की अवधि में खाद्य कारोबार से जुड़ी गतिविधियां बंद रखने का निर्देश दिया गया है। यह कार्रवाई खाद्य उत्पादों की सुरक्षा और निर्धारित मानकों के पालन को लेकर की गई है।