Bank Holiday: आज सिर्फ इस राज्य में बंद हैं बैंक, कल शनिवार को भी खुलेंगी सभी शाखाएं
अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करना है तो ब्रांच जाने से पहले अपने राज्य की बैंक हॉलिडे लिस्ट जरूर देख लें। 20 नवंबर, शुक्रवार को देश के ज्यादातर हिस्सों में बैंक सामान्य रूप से खुले हैं। हालांकि, उत्तराखंड में आज बैंक बंद रहेंगे। राज्य में इगास-बग्वाल यानी बूढ़ी दिवाली के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश है।
इस छुट्टी का असर हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल, हल्द्वानी, ऋषिकेश और पौड़ी समेत उत्तराखंड के अलग-अलग शहरों में बैंक शाखाओं पर पड़ेगा। वहीं उत्तर प्रदेश, दिल्ली और देश के अन्य राज्यों में बैंक सामान्य कामकाज के लिए खुले रहेंगे।
RBI जारी करता है बैंक छुट्टियों की लिस्ट
बैंकों की छुट्टियां पूरे देश में एक जैसी नहीं होतीं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों के स्थानीय त्योहारों और अन्य अवसरों के आधार पर बैंक हॉलिडे कैलेंडर जारी करता है।
इसलिए बैंक जाने से पहले अपने शहर की छुट्टी की जानकारी जांच लेना बेहतर होता है। बैंक बंद होने की स्थिति में भी ग्राहकों के लिए डिजिटल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रहती हैं।
इगास-बग्वाल क्या है?
इगास-बग्वाल उत्तराखंड का पारंपरिक लोकपर्व है, जिसे बूढ़ी दिवाली भी कहा जाता है। यह दिवाली के करीब 11 दिन बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी यानी देवउठनी एकादशी के आसपास मनाया जाता है।
इस दिन उत्तराखंड में कई जगहों पर पारंपरिक तरीके से त्योहार मनाया जाता है। लोग भैलो खेलते हैं, लोकगीत गाते हैं और घरों में अरसा, स्वाले, पकौड़े और खीर जैसे पारंपरिक पकवान बनाए जाते हैं।
बैंक बंद होने पर ऐसे कर सकते हैं काम
ब्रांच बंद होने के बावजूद ग्राहक कई बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल ऑनलाइन कर सकते हैं। मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग के जरिए पैसे ट्रांसफर करने, बिल जमा करने और दूसरे जरूरी काम किए जा सकते हैं।
इसके अलावा UPI और ATM सेवाएं भी सामान्य तौर पर उपलब्ध रहती हैं। इसलिए केवल कैश जमा या निकासी जैसे ब्रांच से जुड़े कामों के लिए ही बैंक खुलने का इंतजार करना पड़ सकता है।
21 नवंबर को खुले रहेंगे बैंक
शनिवार, 21 नवंबर को देशभर में बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। RBI के नियमों के मुताबिक बैंक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं। नवंबर का 21 तारीख वाला शनिवार तीसरा शनिवार है, इसलिए इस दिन बैंक शाखाएं खुली रहेंगी।
इसके बाद 22 नवंबर, रविवार को साप्ताहिक अवकाश के कारण देशभर में बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में अगर आपको ब्रांच जाकर कोई जरूरी काम करना है तो शनिवार को काम निपटाने का मौका रहेगा।