Bank Holiday Alert: 23 से 29 नवंबर तक कई दिन बंद रहेंगे बैंक, ब्रांच जाने से पहले देखें छुट्टियों की पूरी लिस्ट
नवंबर का नया सप्ताह शुरू हो गया है और इसके साथ ही बैंक ग्राहकों के लिए छुट्टियों से जुड़ा जरूरी अपडेट सामने आया है। 23 से 29 नवंबर 2026 के बीच अलग-अलग त्योहारों और साप्ताहिक अवकाश के कारण देश के कई राज्यों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। ऐसे में अगर आप बैंक जाकर चेक जमा करने, कैश निकालने, केवाईसी कराने या अन्य जरूरी काम निपटाने की योजना बना रहे हैं, तो पहले छुट्टियों की सूची जरूर देख लें।
इस सप्ताह गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा, कनकदास जयंती और चौथे शनिवार के कारण कई शहरों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
23 नवंबर को कहां बंद रहेंगे बैंक?
सोमवार, 23 नवंबर को मेघालय में सेंग कुट स्नेम (Seng Kut Snem) के अवसर पर बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। यह खासी समुदाय का महत्वपूर्ण सांस्कृतिक पर्व है। इसे 23 नवंबर 1899 को शुरू हुए सेंग खासी आंदोलन की याद में मनाया जाता है।
इस मौके पर पारंपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक शोभायात्राएं निकाली जाती हैं। इनमें लोकनृत्य, संगीत और विशेष प्रार्थनाएं आयोजित होती हैं।
24 से 29 नवंबर तक बैंक छुट्टियों की लिस्ट
24 नवंबर, मंगलवार: गुरु नानक जयंती, कार्तिक पूर्णिमा और रहस पूर्णिमा के अवसर पर आइजोल, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, देहरादून, हैदराबाद, ईटानगर, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोहिमा, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, रायपुर, रांची, शिमला और श्रीनगर समेत कई शहरों में बैंक बंद रहेंगे।
27 नवंबर, शुक्रवार: कन्नड़ संत कनकदास की जयंती के अवसर पर बेंगलुरु में बैंक शाखाओं में अवकाश रहेगा।
28 नवंबर, शनिवार: महीने का चौथा शनिवार होने के कारण देशभर में बैंक बंद रहेंगे। RBI के नियमों के अनुसार बैंकों में हर महीने दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है।
29 नवंबर, रविवार: साप्ताहिक छुट्टी के कारण पूरे देश में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
छुट्टियों में कैसे होंगे बैंकिंग के काम?
बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग की सुविधा मिलती रहेगी। Google Pay, PhonePe, Paytm और बैंक के मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए जा सकते हैं।
इसके अलावा इंटरनेट बैंकिंग, UPI और ATM सेवाएं भी सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी। ग्राहक ATM से कैश निकालने, बैलेंस चेक करने और डेबिट या क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने जैसे काम कर सकेंगे।
हालांकि, चेक क्लियरेंस, बैंक शाखा में नकद लेनदेन और केवाईसी से जुड़े कुछ कामों के लिए बैंक खुलने का इंतजार करना पड़ सकता है। इसलिए जरूरी है कि ग्राहक अपनी बैंकिंग जरूरतों के अनुसार पहले से योजना बना लें।