Bank Holiday Alert 26 अगस्त को बैंक खुले हैं या बंद? RBI की छुट्टी लिस्ट में देखें शहरवार जानकारी
आज बुधवार, 26 अगस्त 2026 को देश के कई हिस्सों में बैंक बंद हैं। ईद-ए-मिलाद यानी मिलाद-उन-नबी और कुछ क्षेत्रों में तिरुवोनम के चलते कई राज्यों में बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा। हालांकि यह छुट्टी पूरे देश में लागू नहीं है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की छुट्टी सूची के अनुसार बैंक अवकाश शहर और राज्य के हिसाब से अलग-अलग है।
26 अगस्त को उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तराखंड, मणिपुर, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़ और झारखंड समेत कई क्षेत्रों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इन जगहों पर ईद-ए-मिलाद, बारावफात या स्थानीय त्योहार के कारण अवकाश है।
वहीं राजस्थान, पश्चिम बंगाल, असम, गोवा, हिमाचल प्रदेश और मिजोरम जैसे कुछ राज्यों में 26 अगस्त को बैंक शाखाएं सामान्य रूप से खुली रहेंगी। इसलिए बैंक जाने से पहले अपने शहर की छुट्टी जरूर जांच लेना जरूरी है।
ऑनलाइन बैंकिंग और ATM चलते रहेंगे
बैंक शाखाएं बंद होने के बावजूद डिजिटल बैंकिंग सेवाओं पर आमतौर पर इसका असर नहीं पड़ता। ग्राहक UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और ATM के जरिए सामान्य लेनदेन कर सकेंगे। हालांकि जिन कामों के लिए बैंक शाखा में जाकर दस्तावेज जमा करने या सत्यापन कराने की जरूरत होती है, उन्हें बैंक खुलने तक टालना पड़ सकता है।
28 अगस्त को भी कुछ जगह बैंक बंद
अगले कुछ दिनों में भी अलग-अलग राज्यों में बैंक अवकाश रहेगा। 28 अगस्त को रक्षा बंधन के अवसर पर कुछ राज्यों और शहरों में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। इसके अलावा रविवार को देशभर में बैंक शाखाओं का नियमित साप्ताहिक अवकाश रहता है। इसलिए अगर आपको बैंक में कोई जरूरी काम है, तो शाखा जाने से पहले RBI की शहरवार छुट्टी सूची जरूर देख लें।