Anthropic IPO: शानदार लिस्टिंग के बाद दूसरे दिन 8.5% टूटे शेयर, फिर भी 15 सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल; जानें वजह
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया की दिग्गज कंपनी एंथ्रॉपिक के शेयरों में लिस्टिंग के दूसरे दिन बड़ी गिरावट देखने को मिली। Claude AI चैटबॉट बनाने वाली इस कंपनी ने अपने आईपीओ के जरिए रिकॉर्ड रकम जुटाई थी और शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की थी। हालांकि, शुरुआती तेजी के बाद शुक्रवार को निवेशकों ने शेयरों में मुनाफावसूली की, जिससे इनकी कीमत पर दबाव आ गया।
कारोबार के दौरान एंथ्रॉपिक के शेयर करीब आईपीओ प्राइस तक पहुंच गए थे। हालांकि, बाद में इनमें कुछ रिकवरी देखने को मिली और शुक्रवार को शेयर 88.91 डॉलर पर बंद हुए। यह गुरुवार के क्लोजिंग प्राइस के मुकाबले करीब 8.5 फीसदी की गिरावट है। इसके बावजूद कंपनी का मार्केट वैल्यूएशन लगभग 1.6 ट्रिलियन डॉलर बताया गया, जिसके साथ यह दुनिया की 15 सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनियों में शामिल हो गई।
IPO से जुटाए रिकॉर्ड 11,950 करोड़ डॉलर
एंथ्रॉपिक के शेयरों में गिरावट के बीच कंपनी के आईपीओ से जुड़ी एक बड़ी जानकारी भी सामने आई। कंपनी के आईपीओ को मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद अंडरराइटिंग करने वाले बैंकों ने ओवर-अलॉटमेंट ऑप्शन यानी ग्रीनशू ऑप्शन का इस्तेमाल किया। इसके तहत अतिरिक्त शेयर बेचने की अनुमति मिलती है, जिससे आईपीओ के जरिए जुटाई जाने वाली रकम बढ़ जाती है।
इस विकल्प के इस्तेमाल के बाद एंथ्रॉपिक और उसके को-फाउंडर्स की ओर से जुटाई गई कुल राशि बढ़कर करीब 11,950 करोड़ डॉलर हो गई। इसमें आईपीओ के जरिए जुटाए गए 9,350 करोड़ डॉलर और प्राइवेट प्लेसमेंट से प्राप्त 2,600 करोड़ डॉलर शामिल हैं।
टेक शेयरों में गिरावट का भी दिखा असर
एंथ्रॉपिक के शेयरों में कमजोरी ऐसे समय आई, जब दुनियाभर के टेक शेयरों पर दबाव बना हुआ था। अमेरिकी बाजार में नैस्डैक 100 इंडेक्स 5.6 फीसदी और S&P 500 इंडेक्स 3.7 फीसदी नीचे आ गया। बाजार में बढ़ती अस्थिरता के बीच निवेशक एआई कंपनियों के ऊंचे वैल्यूएशन और उनके कारोबार से मिलने वाले वास्तविक रिटर्न को लेकर सतर्क नजर आ रहे हैं।
फोर्टे सिक्योरिटीज के एमैनुअल वाल्वनिस के मुताबिक, निवेशकों की दिलचस्पी केवल एंथ्रॉपिक के शेयरों में ही कम नहीं हुई है, बल्कि टेक सेक्टर के दूसरे शेयरों में भी दबाव देखने को मिल रहा है।
वहीं, टिकेहाउ कैपिटल के रफायल थुइन का मानना है कि आईपीओ के बाद शेयरों में आई तेज उठापटक के शांत होने का निवेशक इंतजार कर सकते हैं। इससे बाजार को कंपनी के शेयरों की वास्तविक मांग और वैल्यूएशन का बेहतर अंदाजा लगाने में मदद मिलेगी।
Claude की बढ़ती मांग से मजबूत हुई कंपनी
एंथ्रॉपिक ने एंटरप्राइज यानी बड़ी कंपनियों और कारोबारी ग्राहकों पर खास ध्यान देकर बाजार में अपनी अलग पहचान बनाई है। कंपनी के Claude AI चैटबॉट और Claude Code टूल की मांग लगातार बढ़ी है। खासकर सॉफ्टवेयर डेवलपर्स के बीच Claude Code को लेकर अच्छी दिलचस्पी देखने को मिली है। रिपोर्ट के मुताबिक, NASA के इंजीनियरों ने भी इसका इस्तेमाल किया है।
कंपनी की एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, 31 अक्टूबर तक उसका रन-रेट रेवेन्यू 8,100 करोड़ डॉलर तक पहुंच गया था। वहीं, सितंबर के अंत तक एंथ्रॉपिक के पास 11,900 से ज्यादा ऐसे ग्राहक थे, जिनमें से प्रत्येक ने पिछले 12 महीनों में कम से कम 1 लाख डॉलर का रेवेन्यू दिया था। साल 2025 में ऐसे ग्राहकों की संख्या करीब 1,500 थी।
अब निवेशकों की नजर कंपनी के मुनाफे पर
एंथ्रॉपिक की मजबूत कारोबारी मांग के बावजूद शेयरों में आई गिरावट ने एआई सेक्टर के सामने एक अहम सवाल खड़ा कर दिया है। निवेशक अब केवल एआई तकनीक की लोकप्रियता और कंपनियों की तेजी से बढ़ती कमाई को देखकर निवेश नहीं करना चाहते, बल्कि यह भी जानना चाहते हैं कि इन कंपनियों की तकनीक से वास्तविक मुनाफा कितना हो रहा है।
आने वाले समय में एंथ्रॉपिक के लिए अपनी कमाई के साथ-साथ मुनाफे और कारोबार की स्थिरता साबित करना भी अहम होगा। ऐसे में कंपनी के शेयरों में आगे होने वाली हलचल पर निवेशकों की नजर बनी रहेगी।