☰
×

Anthropic IPO: शेयर बाजार में एंट्री से कर्मचारियों की चमकी किस्मत, 400 से ज्यादा लोग बने अरबपति; स्पेसएक्स का रिकॉर्ड भी टूटा

 

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में अपनी पहचान बना चुकी एंथ्रोपिक ने अमेरिकी शेयर बाजार में शानदार एंट्री की है। कंपनी का शेयर गुरुवार को 83 डॉलर के इश्यू प्राइस के मुकाबले 34% की बढ़त के साथ 111.50 डॉलर पर लिस्ट हुआ। हालांकि, कारोबार के अंत में इसमें कुछ गिरावट आई और शेयर 17% की तेजी के साथ 97.17 डॉलर पर बंद हुआ।

इस IPO ने न सिर्फ कंपनी को नई पहचान दी, बल्कि इसके सैकड़ों कर्मचारियों की संपत्ति में भी बड़ा इजाफा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के 400 से ज्यादा कर्मचारियों की हिस्सेदारी की वैल्यू 100 मिलियन डॉलर यानी करीब 900 करोड़ रुपये या उससे अधिक हो गई है।

400 से ज्यादा कर्मचारी बने करोड़ों की संपत्ति के मालिक

एंथ्रोपिक की लिस्टिंग के बाद कंपनी के कर्मचारियों को बड़ा आर्थिक फायदा हुआ है। Hill.com के अनुमान के अनुसार, कंपनी के करीब 2,800 कर्मचारी कम से कम 10 मिलियन डॉलर यानी लगभग 93 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक बन गए हैं।

कंपनी में लगभग 5,000 कर्मचारी काम करते हैं। हालांकि, शेयरों पर लागू लॉक-अप पीरियड के कारण कर्मचारी फिलहाल अपनी हिस्सेदारी तुरंत नहीं बेच सकते। इस अवधि में शेयर बेचने पर पाबंदी रहती है।

अमेरिका की बड़ी कंपनियों में शामिल हुई एंथ्रोपिक

शेयर बाजार में लिस्टिंग के बाद एंथ्रोपिक का बाजार मूल्यांकन करीब 1.8 ट्रिलियन डॉलर यानी लगभग 160 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया। कारोबार के दौरान कंपनी की वैल्यूएशन एक समय 2 ट्रिलियन डॉलर के पार भी चली गई थी।

इस मूल्यांकन के आधार पर कंपनी अमेरिका की सबसे बड़ी कंपनियों की सूची में सातवें स्थान पर पहुंच गई। इसके आगे एपल, माइक्रोसॉफ्ट, एनवीडिया, अल्फाबेट, अमेजन और स्पेसएक्स जैसी कंपनियां हैं।

IPO से जुटाए 7 लाख करोड़ रुपये, स्पेसएक्स को पीछे छोड़ा

एंथ्रोपिक ने अपने IPO के जरिए 81.3 बिलियन डॉलर यानी करीब 7 लाख करोड़ रुपये जुटाए। यह रकम इसी साल जून में एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की ओर से जुटाए गए 75 बिलियन डॉलर से ज्यादा बताई गई है।

इसके अलावा गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और एनवीडिया जैसी बड़ी टेक कंपनियों से अलग-अलग निवेश के रूप में एंथ्रोपिक को 26 बिलियन डॉलर यानी करीब 2.43 लाख करोड़ रुपये मिले हैं।

AI सेक्टर में चिंता के बीच आई मजबूत लिस्टिंग

एंथ्रोपिक की लिस्टिंग ऐसे समय हुई है, जब दुनियाभर के निवेशक AI सेक्टर में कंपनियों के बढ़ते खर्च और उनकी वैल्यूएशन को लेकर सवाल उठा रहे हैं। टेक कंपनियों के कारोबार और निवेश की स्थिरता पर चिंता के बीच नैस्डैक-100 इंडेक्स अपने ऊपरी स्तर से करीब 10% नीचे आ चुका है।

ऐसे माहौल में एंथ्रोपिक के शेयरों को मिली मजबूत शुरुआत को AI सेक्टर के लिए अहम माना जा रहा है। हालांकि, कंपनी की लंबी अवधि की बाजार वैल्यू उसके कारोबार, मुनाफे और भविष्य की ग्रोथ पर निर्भर करेगी।

OpenAI से अलग होकर शुरू हुई थी कंपनी

एंथ्रोपिक की कहानी साल 2021 में शुरू हुई थी। कंपनी की स्थापना डारियो अमोदेई, उनकी बहन डेनिएला अमोदेई और OpenAI से अलग हुए पांच अन्य रिसर्चर्स ने मिलकर की थी। उनका उद्देश्य ऐसा AI सिस्टम विकसित करना था, जो सुरक्षित और भरोसेमंद हो।

कंपनी का प्रमुख प्रोडक्ट 'क्लॉड' (Claude) चैटबॉट है, जिसे ChatGPT का प्रमुख प्रतिस्पर्धी माना जाता है। महज कुछ सालों में एंथ्रोपिक ने AI बाजार में मजबूत जगह बनाई और अब अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्टिंग के साथ नई उपलब्धि हासिल की है।

भारतीय निवेशक कैसे खरीद सकते हैं एंथ्रोपिक के शेयर?

एंथ्रोपिक के इंटरनेशनल रिटेल ऑफर में भारत को शामिल नहीं किया गया था। इस वजह से भारतीय निवेशक IPO के दौरान सीधे आवेदन नहीं कर सके।

हालांकि, अमेरिकी बाजार में ट्रेडिंग शुरू होने के बाद भारतीय निवेशक उन घरेलू या अंतरराष्ट्रीय ब्रोकरेज प्लेटफॉर्म के जरिए कंपनी के शेयर खरीदने पर विचार कर सकते हैं, जो अमेरिकी शेयर बाजार में निवेश की सुविधा देते हैं। निवेश से पहले ब्रोकरेज शुल्क, विदेशी मुद्रा विनिमय दर, टैक्स और संबंधित नियमों की जानकारी लेना जरूरी है।