×

मिलिए गौतम अडानी के NRI भाई विनोद शांतिलाल अडानी से, हर दिन कमाते हैं 102 करोड़ रुपये

 

बिज़नेस न्यूज डेस्क - अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी देश ही नहीं बल्कि दुनिया के टॉप रईस लोगों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। IIFL हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2022 के मुताबिक गौतम अडानी की रोजाना की कमाई 1612 करोड़ रुपये है। हुरुन द्वारा जारी सूची के अनुसार गौतम अडानी के भाई विनोद शांतिलाल अडानी सबसे अमीर एनआरआई हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में। गौतम अडानी के भाई विनोद शांतिलाल अडानी दुबई में रहते हैं और दुबई, जकार्ता और सिंगापुर में सक्रिय हैं। आपको बता दें कि पिछले साल उनकी संपत्ति में 37,400 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। इतना ही नहीं विनोद शांतिलाल अडानी भारत के टॉप 10 सबसे अमीर लोगों में छठे स्थान पर हैं। इसके अलावा पिछले पांच सालों में उनकी संपत्ति में 850 फीसदी का जबरदस्त उछाल आया है। इस बीच उनकी संपत्ति बढ़कर 1.69 लाख करोड़ रुपये हो गई है।

इस हिसाब से अगर दोनों अदानी बंधुओं की संपत्ति को जोड़ दिया जाए तो उनके पास कुल 16.63 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति है, यानी हुरुन अमीर सूची में शीर्ष 10 लोगों की संपत्ति का 40 फीसदी। अब शांतिलाल अडानी की बात करें तो आईआईएफएल वेल्थ हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2022 में कुल 94 अमीर एनआरआई को शामिल किया गया है, जिसमें विनोद शांतिलाल अडानी रोजाना 102 करोड़ रुपये की संपत्ति जोड़ते हैं। वहीं, हिंदुजा ब्रदर्स 1.65 लाख करोड़ रुपये के साथ दूसरे नंबर पर है। इसके बाद 1.5 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ आर्सेलर मित्तल के लक्ष्मी निवास मित्तल तीसरे स्थान पर हैं। विनोद शांतिलाल अडानी ने 1976 में भिवाड़ी में वीआर टेक्सटाइल्स नामक कंपनी के साथ एक पावरलूम स्थापित करके अपनी यात्रा शुरू की। इसके बाद वे सिंगापुर शिफ्ट हो गए और फिर 1994 में दुबई में रहने लगे और खाड़ी देशों में अपने कारोबार का विस्तार किया। दुबई में उन्होंने चीनी, तेल, एल्युमीनियम, कॉपर और आयरन स्क्रैप का कारोबार किया।