☰
×

8th Pay Commission: सरकारी कर्मचारियों की सैलरी में हो सकता है बड़ा इजाफा, 25 हजार की बेसिक सैलरी पहुंचेगी 1 लाख रुपये!

 

8वें वेतन आयोग को लेकर केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के बीच चर्चाएं तेज हो गई हैं। आयोग की बैठकों और कर्मचारी संगठनों के साथ चल रहे विचार-विमर्श के बीच सबसे ज्यादा ध्यान फिटमेंट फैक्टर पर है। कर्मचारी संगठनों ने नए वेतन आयोग के तहत 3.61 से लेकर 4 तक फिटमेंट फैक्टर लागू करने की मांग उठाई है। अगर 4 फिटमेंट फैक्टर की मांग स्वीकार कर ली जाती है तो 25 हजार रुपये बेसिक सैलरी पाने वाले कर्मचारी का नया मूल वेतन बढ़कर 1 लाख रुपये हो सकता है।

हालांकि, अभी इन आंकड़ों को अंतिम फैसला नहीं माना जा सकता। ये कर्मचारी संगठनों की ओर से रखे गए प्रस्ताव हैं। सरकार और 8वें वेतन आयोग ने फिटमेंट फैक्टर को लेकर अभी कोई अंतिम घोषणा नहीं की है।

8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर को लेकर क्या हैं मांगें?

कर्मचारी संगठनों ने अपनी मांगों में अलग-अलग फिटमेंट फैक्टर का प्रस्ताव दिया है। इनमें तीन प्रमुख प्रस्ताव चर्चा में हैं।

  • मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन ने 3.61 फिटमेंट फैक्टर की मांग की है।
  • नेशनल काउंसिल-जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) ने 3.8333 फिटमेंट फैक्टर का प्रस्ताव रखा है।
  • भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ ने 4 फिटमेंट फैक्टर लागू करने की मांग की है।

फिटमेंट फैक्टर के आधार पर ही कर्मचारियों की मौजूदा बेसिक सैलरी में संशोधन किया जाता है। इसलिए इसका आंकड़ा तय होने पर कर्मचारियों की नई बेसिक सैलरी में बड़ा अंतर देखने को मिल सकता है।

3.61 फिटमेंट फैक्टर पर कितनी होगी सैलरी?

अगर सरकार 3.61 फिटमेंट फैक्टर को मंजूरी देती है तो अलग-अलग बेसिक सैलरी वाले कर्मचारियों का नया मूल वेतन इस प्रकार हो सकता है।

मौजूदा बेसिक सैलरी

फिटमेंट फैक्टर

संभावित नई बेसिक सैलरी

₹25,000

3.61

₹90,250

₹35,000

3.61

₹1,26,350

₹50,000

3.61

₹1,80,500

3.8333 फिटमेंट फैक्टर पर कितना बढ़ेगा वेतन?

NC-JCM की ओर से प्रस्तावित 3.8333 फिटमेंट फैक्टर लागू होने पर कर्मचारियों की बेसिक सैलरी में और अधिक बढ़ोतरी हो सकती है।

मौजूदा बेसिक सैलरी

फिटमेंट फैक्टर

संभावित नई बेसिक सैलरी

₹25,000

3.8333

₹95,825

₹35,000

3.8333

₹1,34,155

₹50,000

3.8333

₹1,91,650

4 फिटमेंट फैक्टर लागू हुआ तो 2 लाख तक पहुंचेगी बेसिक सैलरी

भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ ने 4 फिटमेंट फैक्टर की मांग रखी है। अगर इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया जाता है तो कर्मचारियों की बेसिक सैलरी दोगुने से भी अधिक स्तर पर पहुंच सकती है।

मौजूदा बेसिक सैलरी

फिटमेंट फैक्टर

संभावित नई बेसिक सैलरी

₹25,000

4

₹1,00,000

₹35,000

4

₹1,40,000

₹50,000

4

₹2,00,000

ध्यान रहे कि ये गणनाएं केवल प्रस्तावित फिटमेंट फैक्टर के आधार पर हैं। वास्तविक वेतन में बदलाव सरकार के अंतिम फैसले और वेतन आयोग की सिफारिशों पर निर्भर करेगा।

7वें वेतन आयोग में कितना था फिटमेंट फैक्टर?

7वें वेतन आयोग में सरकार ने 2.57 फिटमेंट फैक्टर लागू किया था। इसके बाद केंद्रीय कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक सैलरी 7,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये कर दी गई थी।

कब तक आ सकती हैं 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें?

8वें वेतन आयोग के गठन के बाद आयोग को अपनी सिफारिशें तैयार करने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। इस दौरान आयोग अलग-अलग राज्यों में जाकर कर्मचारी संगठनों और संबंधित पक्षों से सुझाव ले रहा है।

अब कर्मचारियों की नजर इस बात पर टिकी है कि आयोग फिटमेंट फैक्टर को लेकर क्या सिफारिश करता है और सरकार इसे किस स्तर पर मंजूरी देती है। अंतिम फैसला आने के बाद ही केंद्रीय कर्मचारियों की नई बेसिक सैलरी और दूसरे भत्तों की वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी।