Toll Tax: टोल बचाने के लिए नंबर प्लेट छिपाई तो लगेगा 5 गुना जुर्माना, ₹10,000 तक का अलग चालान भी कटेगा
टोल टैक्स बचाने के लिए गाड़ी की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करना या उसे छिपाना अब वाहन मालिकों को भारी पड़ सकता है। बैरियरलेस टोल प्लाजा पर इस तरह की गड़बड़ियों को रोकने के लिए केंद्र सरकार सख्त कदम उठाने की तैयारी कर रही है। नए प्रस्ताव के तहत अगर कोई वाहन चालक टोल शुल्क से बचने के लिए नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ करता है या उसका कोई हिस्सा छिपाता है, तो उससे सामान्य टोल शुल्क का 5 गुना तक वसूला जा सकता है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को इस व्यवस्था को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू करने और वाहन चालकों के बीच जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए हैं। खास बात यह है कि टोल चोरी के लिए लगने वाली यह पेनाल्टी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत होने वाले चालान से अलग होगी।
5 गुना टोल के साथ ₹10,000 तक का चालान
नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले वाहन मालिकों को दो तरह की कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
1. सामान्य टोल से 5 गुना तक वसूली: प्रस्तावित व्यवस्था के तहत टोल प्लाजा पर नंबर प्लेट से छेड़छाड़ या उसे छिपाकर टोल बचाने की कोशिश करने वाले वाहन से सामान्य टोल शुल्क का पांच गुना तक वसूला जा सकेगा। यह कार्रवाई हाईवे और टोल प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियां कर सकती हैं।
2. मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अलग चालान: नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ करना मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी दंडनीय है। इसके लिए पहली बार पकड़े जाने पर 5,000 रुपये और दोबारा नियम तोड़ने पर 10,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
इस तरह टोल शुल्क की पेनाल्टी और नंबर प्लेट से जुड़े ट्रैफिक नियमों का चालान अलग-अलग हो सकते हैं।
AI कैमरों से पकड़े जाएंगे नियम तोड़ने वाले वाहन
टोल चोरी रोकने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीक का इस्तेमाल करने की तैयारी है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रस्तावित सिस्टम टोल प्लाजा पर ली गई तस्वीरों और वाहन की जानकारी का विश्लेषण करेगा।
इस तकनीक की मदद से उन गाड़ियों की पहचान की जा सकेगी, जिनकी नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई है या जिनका रजिस्ट्रेशन नंबर छिपाया गया है। इससे टोल प्लाजा पर नियम तोड़ने वाले वाहनों को पकड़ना आसान हो सकता है।
दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा पर सामने आए थे मामले
बैरियरलेस टोल व्यवस्था में नंबर प्लेट से छेड़छाड़ के मामले सामने आने के बाद इस समस्या को लेकर चिंता बढ़ी है। दिल्ली के मुंडका टोल प्लाजा पर भी ऐसे कई मामले सामने आए थे, जहां कुछ वाहन मालिक टोल शुल्क से बचने के लिए नंबर प्लेट छिपाने या उसमें बदलाव करने की कोशिश कर रहे थे।
बताया गया कि वहां बैरियरलेस टोलिंग शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद NHAI ने इस समस्या पर चिंता जताई थी। प्राधिकरण ने दिल्ली सरकार को पत्र लिखकर ऐसे मामलों पर निगरानी बढ़ाने की मांग भी की थी।
वाहन चालकों के लिए क्या है जरूरी?
बैरियरलेस टोल व्यवस्था में वाहनों की पहचान मुख्य रूप से तकनीक और नंबर प्लेट के जरिए की जाती है। ऐसे में नंबर प्लेट को ढकना, उसके अक्षरों या अंकों में बदलाव करना अथवा उसे अस्पष्ट बनाना वाहन मालिक के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
इसलिए वाहन चालकों को अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट निर्धारित मानकों के अनुसार रखनी चाहिए। टोल शुल्क से बचने के लिए नंबर प्लेट के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ करना महंगा पड़ सकता है।