Tata Nexon 2027: नए अवतार में आएगी टाटा की SUV, बॉक्सी डिजाइन के साथ मिलेंगे बड़े बदलाव; जानें खासियतें
टाटा मोटर्स अपनी लोकप्रिय कॉम्पैक्ट एसयूवी नेक्सन को नए अंदाज में पेश करने की तैयारी कर रही है। कंपनी इसकी नई जनरेशन पर काम कर रही है, जिसे फिलहाल ‘गरुड़’ कोडनेम दिया गया है। नई टाटा नेक्सन को साल 2027 में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। हाल ही में महाराष्ट्र की सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान इस एसयूवी की कुछ स्पाई तस्वीरें सामने आई हैं। इनसे इसके डिजाइन, इंटीरियर और तकनीकी बदलावों से जुड़ी कई जानकारियां सामने आई हैं।
नई जनरेशन नेक्सन के साथ कंपनी इसका इलेक्ट्रिक वर्जन भी तैयार कर रही है। माना जा रहा है कि नेक्सन ईवी का बाहरी डिजाइन काफी हद तक पेट्रोल और डीजल मॉडल जैसा होगा।
पहले से ज्यादा ऊंची और बॉक्सी होगी SUV
टेस्टिंग के दौरान नई नेक्सन पूरी तरह कवर से ढकी हुई नजर आई। हालांकि, इसके आकार से पता चलता है कि कंपनी इस बार पहले के मुकाबले ज्यादा सीधा और बॉक्सी डिजाइन अपना सकती है। इसका फ्रंट हिस्सा ऊंचा और रूफलाइन पहले से ज्यादा सपाट दिखाई दे रही है।
डिजाइन में बदलाव का फायदा पीछे बैठने वाले यात्रियों को मिल सकता है। उन्हें बेहतर हेडरूम मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा बूट स्पेस में भी बढ़ोतरी हो सकती है। एसयूवी में नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स मिलेंगे। टेस्टिंग मॉडल में 17 इंच के पहिए दिखाई दिए हैं, जबकि टॉप वेरिएंट में 18 इंच के अलॉय व्हील दिए जा सकते हैं। फ्रंट ग्रिल, हेडलैंप, टेललैंप और रियर बंपर के डिजाइन में भी बदलाव देखने को मिलेगा।
नए इंटीरियर के साथ मिलेंगे प्रीमियम फीचर्स
नई नेक्सन का केबिन भी मौजूदा मॉडल से अलग होगा। सामने आई तस्वीरों के अनुसार, इसमें पतला डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया जा सकता है। इसके अलावा स्टीयरिंग व्हील पर टाटा का चमकने वाला लोगो भी देखने को मिलेगा।
फीचर्स की बात करें तो इसमें पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, लेदरेट अपहोल्स्ट्री और एम्बिएंट लाइटिंग जैसे विकल्प मिल सकते हैं। इसके साथ एयर प्यूरीफायर और इन-बिल्ट डैशकैम भी दिए जाने की संभावना है।
सुरक्षा के लिहाज से नई नेक्सन में 6 एयरबैग, 360 डिग्री कैमरा, चारों पहियों में डिस्क ब्रेक और लेवल-2 एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) जैसे फीचर्स मिल सकते हैं।
नए प्लेटफॉर्म पर तैयार होगी नेक्सन
नई जनरेशन मॉडल में सबसे अहम बदलाव इसके प्लेटफॉर्म को लेकर होगा। मौजूदा X1 प्लेटफॉर्म की जगह इसे टाटा मोटर्स के नए एटलस मॉड्यूलर आर्किटेक्चर पर तैयार किया जाएगा। यह प्लेटफॉर्म पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक जैसे अलग-अलग पावरट्रेन को सपोर्ट करने में सक्षम है।
पेट्रोल, डीजल और CNG में मिलेंगे विकल्प
इंजन के मामले में नई नेक्सन में मौजूदा 1.2-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन का विकल्प जारी रह सकता है। इसके साथ फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी वेरिएंट भी मिल सकता है।
वहीं, डीजल मॉडल में मौजूदा 1.5-लीटर इंजन की जगह कंपनी का नया क्रायोजेट डीजल इंजन दिए जाने की संभावना है। इसे 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड टॉर्क-कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ जोड़ा जा सकता है।
फिलहाल टाटा मोटर्स ने नई नेक्सन की लॉन्च तारीख, कीमत और सभी फीचर्स की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि, स्पाई तस्वीरों से साफ है कि कंपनी अगली जनरेशन मॉडल में डिजाइन से लेकर प्लेटफॉर्म और तकनीक तक कई बड़े बदलाव करने की तैयारी में है।