×

Sales Report June 2026: बाजार में किसने किया कमाल और किसकी बिक्री गिरी, सामने आए हैरान करने वाले आंकड़े

 

2026 में अलग-अलग देशों में हुए युद्धों का ग्लोबल मार्केट पर काफी असर पड़ा। वहीं, जून 2026 भारतीय ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए काफी उतार-चढ़ाव और हैरानी भरा महीना रहा। घरेलू मांग और बढ़ते एक्सपोर्ट की वजह से भारत की बड़ी कार बनाने वाली कंपनियों ने शानदार बिक्री के आंकड़े दर्ज किए।

जहां कुछ कंपनियों ने जून में अपनी तेज़ ग्रोथ से सबको चौंका दिया, वहीं कुछ बड़े ब्रांड्स को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स और महिंद्रा इस महीने के विजेता बनकर उभरे, जबकि सप्लाई चेन की बड़ी दिक्कतों के कारण हुंडई की रफ़्तार धीमी पड़ गई। आइए देखते हैं कि इस महीने ऑटो मार्केट में किन कंपनियों ने बाज़ी मारी और किन कंपनियों को नुकसान उठाना पड़ा।

**मारुति सुजुकी सबसे आगे**

भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी, मारुति सुजुकी ने जून 2026 में कुल 200,390 गाड़ियां बेचकर एक बार फिर मार्केट पर अपना दबदबा कायम किया। कंपनी ने साल-दर-साल आधार पर लगभग 19 प्रतिशत की ग्रोथ दर्ज की।

वहीं, टाटा मोटर्स ने जून 2026 में ज़बरदस्त प्रदर्शन किया। कंपनी की पैसेंजर गाड़ियों की बिक्री में पिछले महीने 69 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी हुई और कुल 63,083 कारें बिकीं - जो पिछले साल इसी महीने में बिकीं 37,237 यूनिट्स के मुकाबले काफी ज़्यादा है।

**महिंद्रा की SUVs का जलवा**

जून का महीना ग्रोथ वाला रहा, क्योंकि कंपनी की कुल गाड़ियों की बिक्री 37 प्रतिशत बढ़कर 106,207 यूनिट्स के आंकड़े को पार कर गई। कंपनी ने अकेले घरेलू मार्केट में 60,393 SUVs डिलीवर कीं, जिसमें स्कॉर्पियो, थार, XUV700 और हाल ही में लॉन्च हुई XUV 3XO जैसे मॉडल्स की ज़बरदस्त मांग का बड़ा हाथ रहा। इसके अलावा, कंपनी के कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में भी 35 प्रतिशत की मज़बूत ग्रोथ देखी गई, जो ग्रामीण और शहरी दोनों मार्केट में महिंद्रा की मज़बूत स्थिति को दिखाता है।

**हुंडई को झटका**
जहां इस महीने दूसरी कंपनियों ने शानदार बिक्री के आंकड़े दर्ज किए हैं, वहीं हुंडई मोटर इंडिया को चुनौती का सामना करना पड़ा है। हुंडई ने जून में कुल 51,335 गाड़ियां बेचीं, जिनमें से 39,635 यूनिट्स घरेलू मार्केट में बिकीं। यह समस्या हुंडई को पार्ट्स सप्लाई करने वाले एक वेंडर की फैक्ट्री में अचानक लगी आग के कारण हुई, जिससे महीने के दौरान लगभग 13,900 गाड़ियों का प्रोडक्शन कम हो गया। हालांकि, कंपनी ने जल्द ही दूसरे सोर्स से पार्ट्स का इंतज़ाम कर लिया और उसका प्लांट 22 जून से सामान्य रूप से चल रहा है।