Porsche Cayenne Electric: 2.5 सेकंड में 100 kmph की रफ्तार, 642 KM तक रेंज; कीमत 1.77 करोड़ से शुरू
भारतीय बाजार में लग्जरी इलेक्ट्रिक कारों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी कड़ी में जर्मन लग्जरी कार निर्माता पोर्शे ने अपनी नई ऑल-इलेक्ट्रिक एसयूवी Cayenne Electric को भारत में लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसे दो वेरिएंट्स- Cayenne Electric और Cayenne Electric Turbo में पेश किया है।
भारत में स्टैंडर्ड मॉडल की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.77 करोड़ रुपये रखी गई है, जबकि हाई-परफॉर्मेंस टर्बो वेरिएंट की कीमत 2.27 करोड़ रुपये है। नई इलेक्ट्रिक एसयूवी को नए आर्किटेक्चर पर तैयार किया गया है, जिसमें परफॉर्मेंस के साथ टेक्नोलॉजी और प्रीमियम फीचर्स पर भी जोर दिया गया है।
2.5 सेकंड में 0 से 100 की रफ्तार
परफॉर्मेंस के मामले में Porsche Cayenne Electric Turbo काफी दमदार है। लॉन्च कंट्रोल के साथ इसका टर्बो वेरिएंट 1,156 PS की अधिकतम पावर और 1,500 Nm टॉर्क जनरेट करता है।
कंपनी के मुताबिक यह एसयूवी महज 2.5 सेकंड में 0 से 100 kmph की रफ्तार पकड़ सकती है। वहीं, 0 से 200 kmph तक पहुंचने में करीब 7.4 सेकंड लगते हैं। इसकी टॉप स्पीड 260 kmph बताई गई है।
दूसरी ओर, स्टैंडर्ड Cayenne Electric 408 bhp की पावर देती है, जिसे रोजमर्रा की ड्राइविंग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
642 KM तक की ड्राइविंग रेंज
Cayenne Electric में लंबी दूरी के सफर के लिए बड़ा बैटरी पैक दिया गया है। टर्बो वेरिएंट में 113 kWh क्षमता का हाई-वोल्टेज बैटरी पैक मिलता है। इसकी रेंज करीब 623 किलोमीटर तक बताई गई है, जबकि स्टैंडर्ड मॉडल एक बार फुल चार्ज होने पर 642 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकता है।
एसयूवी में 800-वोल्ट फास्ट चार्जिंग आर्किटेक्चर दिया गया है। इसके जरिए बैटरी को 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में 16 मिनट से कम समय लगने का दावा किया गया है।
स्पोर्टी डिजाइन के साथ एडवांस सस्पेंशन
नई Cayenne Electric के डिजाइन को स्पोर्टी और एयरोडायनामिक रखा गया है। इसकी लंबाई 4,985 मिमी, चौड़ाई 1,980 मिमी, ऊंचाई 1,674 मिमी और व्हीलबेस 3,023 मिमी है।
कार में Porsche Active Suspension Management के साथ एडाप्टिव एयर सस्पेंशन, रियर-एक्सल स्टीयरिंग, मूवेबल कूलिंग फ्लैप्स और एक्टिव रियर स्पॉइलर जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इनका इस्तेमाल कार की स्टेबिलिटी और हैंडलिंग को बेहतर बनाने के लिए किया गया है।
हाई-टेक केबिन में कई प्रीमियम फीचर्स
इलेक्ट्रिक Cayenne का केबिन भी आधुनिक तकनीक से लैस है। इसमें 12.25-इंच कर्व्ड OLED फ्लो डिस्प्ले दिया गया है। इसके अलावा ड्राइवर के लिए 14.25-इंच OLED इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और फ्रंट पैसेंजर के लिए अलग टचस्क्रीन मिलती है।
एसयूवी में ऑगमेंटेड रियलिटी हेड-अप डिस्प्ले, पैनोरमिक रूफ के लिए पैटर्न लाइटिंग और ठंडे मौसम में पैसेंजर कॉन्टैक्ट सरफेस पर हीटिंग जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं। इस तरह Porsche Cayenne Electric में इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के साथ लग्जरी, परफॉर्मेंस और आधुनिक तकनीक का संयोजन देखने को मिलता है।