×

अब चार्जिंग और स्टोरेज की नो टेंशन! आ गई TVS iQube MillionR, चेक करें फीचर्स  

 

TVS मोटर कंपनी ने भारत में iQube MillionR Special Edition लॉन्च किया है। कंपनी ने यह खास एडिशन iQube के 10 लाख ग्राहकों का आंकड़ा पार करने की उपलब्धि के मौके पर पेश किया है। यह नया मॉडल iQube के 3.5 kWh वेरिएंट पर आधारित है और इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1,40,138 रुपये रखी गई है। स्कूटर में नया कलर, प्रीमियम सीट और कुछ नए फीचर्स जोड़े गए हैं।

TVS iQube MillionR का डिजाइन

MillionR Special Edition में सबसे खास बदलाव इसका Aurora Green डुअल-टोन कलर है। TVS के अनुसार, इस शेड को Northern Lights से प्रेरित होकर तैयार किया गया है। इसके अलावा स्कूटर पर MillionR बैजिंग और प्रीमियम सीट अपहोल्स्ट्री दी गई है। इन बदलावों के चलते यह रेगुलर iQube से अलग नजर आता है। हालांकि, डिजाइन के अलावा इसके मैकेनिकल सेटअप में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है।

145KM तक की IDC रेंज

मैकेनिकल तौर पर iQube MillionR Special Edition रेगुलर 3.5 kWh iQube जैसा ही है। इसमें समान बैटरी पैक और इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है। कंपनी के मुताबिक, स्कूटर की IDC रेंज 145 किलोमीटर तक है। स्कूटर में आगे की तरफ एक नया यूटिलिटी स्टोरेज कंपार्टमेंट जोड़ा गया है। इसके चलते कुल स्टोरेज क्षमता 32 लीटर से बढ़कर 35.5 लीटर हो गई है। इसके अलावा इसमें Type-C चार्जिंग पोर्ट भी दिया गया है, जो सीट के नीचे मौजूद USB पोर्ट के साथ काम करता है।

मिलते हैं 118 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स

TVS iQube में 118 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स उपलब्ध हैं। इनमें नेविगेशन, स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, अलग-अलग राइडिंग मोड्स और रिजनरेटिव ब्रेकिंग जैसे फीचर्स शामिल हैं।

क्यों रखा गया MillionR नाम?

MillionR नाम TVS के एक पुराने स्पेशल एडिशन से जुड़ा हुआ है। कंपनी की Jupiter ने 2016 में 10 लाख ग्राहकों का आंकड़ा पार किया था। अब iQube ने भी यह उपलब्धि हासिल कर ली है, जिसके सम्मान में इस स्पेशल एडिशन को MillionR नाम दिया गया है।

TVS के मुताबिक, 10 लाख ग्राहकों का आंकड़ा पार करने के साथ iQube इस साल भारत में मार्केट शेयर के आधार पर सबसे ज्यादा बिकने वाला इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बन गया है। वहीं, Jupiter भी अब 90 लाख ग्राहकों का आंकड़ा पार कर चुकी है।

Battery-as-a-Service का विकल्प

TVS iQube को Battery-as-a-Service (BaaS) विकल्प के साथ भी खरीदा जा सकता है। कंपनी के रेगुलर iQube पोर्टफोलियो में BaaS के साथ कीमत 59,999 रुपये से शुरू होती है।

इस मॉडल में स्कूटर की शुरुआती कीमत कम हो जाती है, जबकि ग्राहक बैटरी के इस्तेमाल के लिए अलग से भुगतान करता है। इससे ग्राहक के लिए शुरुआती खरीद लागत कम रखने का विकल्प मिलता है।