Mercedes-Benz AI: अब AI से बनेंगी लग्जरी कारें, डेवलपमेंट में 30% समय बचेगा; चीन की कंपनियों को देगी टक्कर
दुनियाभर के ऑटोमोबाइल बाजार में प्रतिस्पर्धा तेजी से बढ़ रही है। खासतौर पर चीन की कार निर्माता कंपनियां कम समय में नई गाड़ियां और आधुनिक टेक्नोलॉजी बाजार में उतार रही हैं। इस चुनौती का सामना करने के लिए जर्मनी की लग्जरी कार निर्माता कंपनी मर्सिडीज-बेंज ने अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है। कंपनी अब कारों के डिजाइन, टेस्टिंग और डेवलपमेंट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का बड़े स्तर पर इस्तेमाल करेगी।
दरअसल, मर्सिडीज की नई कार तैयार करने में आमतौर पर 4 से 5 साल का समय लग जाता है, जबकि कई चीनी कंपनियां 18 से 24 महीनों में नई गाड़ी विकसित कर लेती हैं। इसी अंतर को कम करने के लिए कंपनी AI आधारित तकनीक पर जोर दे रही है।
PLM.AI सिस्टम से तेज होगा कार बनाने का काम
मर्सिडीज-बेंज ने PLM.AI नाम का नया सिस्टम पेश किया है। इसका उद्देश्य कंपनी के अलग-अलग विभागों को एक साथ जोड़कर डिजाइन से लेकर प्रोडक्शन तक की प्रक्रिया को तेज करना है।
कंपनी के दावे के मुताबिक, AI की मदद से नई कारों के डेवलपमेंट में लगने वाला समय करीब 30 प्रतिशत तक कम किया जा सकता है। इसके अलावा कंप्यूटर आधारित एडवांस्ड AI सिमुलेशन के जरिए फिजिकल क्रैश टेस्टिंग और प्रोटोटाइप यूनिट तैयार करने की जरूरत भी 50 प्रतिशत तक घट सकती है। इससे कंपनी का समय और लागत दोनों बचेंगे।
चीनी कंपनियों से बढ़ रही प्रतिस्पर्धा
ग्लोबल ऑटोमोबाइल बाजार में BYD, NIO और XPeng जैसी चीनी कंपनियां तेजी से अपनी मौजूदगी बढ़ा रही हैं। ये कंपनियां कम समय में नई कारें और सॉफ्टवेयर फीचर्स पेश कर रही हैं।
ऐसे में मर्सिडीज के लिए अपनी पुरानी 48 से 60 महीने की डेवलपमेंट प्रक्रिया के साथ प्रतिस्पर्धा करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। कंपनी अब AI के जरिए इस अंतर को कम करने की कोशिश कर रही है।
अंतिम डिजाइन का फैसला करेंगे इंसानी इंजीनियर
मर्सिडीज की योजना में AI को इंजीनियरों का विकल्प नहीं, बल्कि उनकी मदद करने वाली तकनीक के रूप में देखा जा रहा है। AI की सहायता से एयरोडायनामिक्स और गाड़ियों के स्ट्रक्चरल डिजाइन से जुड़े कई काम तेजी से किए जा सकेंगे।
हालांकि, कार का अंतिम डिजाइन तय करने, लग्जरी अनुभव बनाए रखने और सुरक्षा से जुड़े परीक्षणों की जिम्मेदारी इंसानी इंजीनियरों के पास ही रहेगी। यानी AI काम की गति बढ़ाएगा, लेकिन महत्वपूर्ण फैसलों में विशेषज्ञों की भूमिका बनी रहेगी।
लग्जरी कार बाजार में बदल सकती है रणनीति
ऑटोमोबाइल उद्योग में अब केवल कार का डिजाइन, इंजन या इंटीरियर ही प्रतिस्पर्धा का आधार नहीं रह गया है। सॉफ्टवेयर, डिजिटल फीचर्स और नई तकनीक को कितनी तेजी से ग्राहकों तक पहुंचाया जाता है, यह भी महत्वपूर्ण हो गया है।
मर्सिडीज का AI पर बढ़ता भरोसा भविष्य की इलेक्ट्रिक कारों और सॉफ्टवेयर-डिफाइंड व्हीकल्स के विकास को गति दे सकता है। हालांकि, इस तकनीक का वास्तविक असर कंपनी की उत्पादन प्रक्रिया और बाजार में आने वाली नई कारों के प्रदर्शन से ही स्पष्ट होगा।