×

Mahindra का बड़ा ऐलान, अब इन 3 Electric SUV पर मिलेगा Battery-as-a-Service ऑप्शन

 

Mahindra ने अपनी Electric Origin SUV रेंज के लिए Battery-as-a-Service (BaaS) सुविधा का विस्तार कर दिया है। पहले यह विकल्प केवल BE 6 SPORTEQ के साथ उपलब्ध था, लेकिन अब कंपनी ने इसे XEV 9S और XEV 9e तक भी बढ़ा दिया है। इस सुविधा की मदद से ग्राहक इलेक्ट्रिक SUV खरीदते समय बैटरी की पूरी कीमत एक साथ देने के बजाय उसके लिए अलग से फाइनेंसिंग करा सकेंगे।

BaaS विकल्प के साथ इन इलेक्ट्रिक SUVs की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 11.45 लाख रुपये से शुरू हो रही है। वहीं बैटरी की मासिक EMI 6,975 रुपये से शुरू होगी। कंपनी का दावा है कि इस मॉडल के तहत इलेक्ट्रिक SUV का शुरुआती खरीद खर्च कम हो जाता है।

तीनों SUVs पर मिलेगा BaaS का विकल्प

Mahindra की ओर से BaaS मॉडल में तीन इलेक्ट्रिक SUVs को शामिल किया गया है। BE 6 SPORTEQ की शुरुआती कीमत 11.45 लाख रुपये, XEV 9S की 12.65 लाख रुपये और XEV 9e की शुरुआती कीमत 13.90 लाख रुपये रखी गई है।

यह फाइनेंसिंग विकल्प इन तीनों SUVs के सभी वेरिएंट्स के लिए उपलब्ध होगा। BaaS मॉडल में वाहन और बैटरी की फाइनेंसिंग अलग-अलग होती है। इससे ग्राहक को कार खरीदते वक्त पूरी रकम एक साथ खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ती और शुरुआती आर्थिक बोझ कम हो जाता है।

6,975 रुपये से शुरू होगी बैटरी EMI

कंपनी के मुताबिक बैटरी की मासिक EMI 6,975 रुपये से शुरू होती है। Mahindra के अनुमान के अनुसार इस मॉडल में इलेक्ट्रिक SUV का रनिंग कॉस्ट करीब 3.75 रुपये प्रति किलोमीटर हो सकता है।

हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि BaaS कोई पे-पर-यूज सिस्टम नहीं है, बल्कि यह एक अलग तरह का फाइनेंसिंग प्रोडक्ट है। 3.75 रुपये प्रति किलोमीटर का अनुमान रोजाना करीब 60 किलोमीटर ड्राइविंग और निर्धारित डाउन पेमेंट जैसी शर्तों के आधार पर निकाला गया है।

बैटरी EMI कई चीजों पर करेगी निर्भर

ग्राहक की वास्तविक बैटरी EMI कई कारकों के आधार पर अलग हो सकती है। इसमें बैटरी की क्षमता, डाउन पेमेंट और लोन की अवधि जैसे फैक्टर शामिल हैं।

इसके अलावा, बताई गई शुरुआती कीमत में चार्जर, रोड टैक्स, इंश्योरेंस और अन्य सरकारी टैक्स शामिल नहीं हैं। फिलहाल Mahindra का यह BaaS विकल्प केवल पर्सनल यूज के लिए वाहन खरीदने वाले ग्राहकों को उपलब्ध कराया जा रहा है।

BaaS को लेकर बढ़ेगा इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में मुकाबला

Mahindra का यह कदम ऐसे समय आया है जब भारत में इलेक्ट्रिक SUVs के सेगमेंट में मुकाबला तेजी से बढ़ रहा है। MG पहले से ही अपनी कई इलेक्ट्रिक कारों के साथ Battery-as-a-Service मॉडल उपलब्ध करा रही है।

ऐसे में Mahindra द्वारा XEV 9S को BaaS के साथ 12.65 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर पेश करना उन ग्राहकों के लिए आकर्षक विकल्प बन सकता है, जो कम शुरुआती बजट में एक बड़ी इलेक्ट्रिक SUV खरीदने की योजना बना रहे हैं। BaaS मॉडल के विस्तार से आने वाले समय में इलेक्ट्रिक कारों की खरीद और फाइनेंसिंग का मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है।