×

Hyundai की नई एंट्री-लेवल SUV जल्द होगी लॉन्च: कर्व्ड डुअल स्क्रीन और एग्रेसिव लुक के साथ क्रेटा से छोटे सेगमेंट में एंट्री

 

Hyundai Motor India ने भारतीय बाजार में अपनी आने वाली नई SUV के नाम का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। कंपनी भारत में अपनी नई ग्लोबल SUV को Hyundai Bayon नाम से लॉन्च करने जा रही है। हालांकि, इसकी कीमत, इंजन, फीचर्स और लॉन्च डेट से जुड़ी बाकी जानकारियां आने वाले हफ्तों में सामने आएंगी।कंपनी का कहना है कि Hyundai Bayon में Hyundai की आधुनिक डिजाइन फिलॉसफी के साथ एडवांस टेक्नोलॉजी पर खास फोकस देखने को मिलेगा। माना जा रहा है कि यह SUV भारतीय बाजार में Hyundai के SUV पोर्टफोलियो को और मजबूत करेगी।

Venue और Creta के बीच होगी नई Bayon

Hyundai Bayon को कंपनी की मौजूदा Venue और Creta के बीच के सेगमेंट में उतारने की तैयारी है। करीब 4.2 मीटर लंबी यह SUV भारतीय ग्राहकों के लिए एक नया विकल्प बन सकती है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें पेट्रोल के साथ CNG पावरट्रेन का विकल्प भी मिल सकता है। वहीं, भारत में आने वाली Bayon का डिजाइन ग्लोबल मॉडल से अलग और भारतीय ग्राहकों की पसंद के मुताबिक ज्यादा कस्टमाइज्ड हो सकता है।

टेस्टिंग के दौरान कई बार दिखी SUV

Hyundai Bayon को भारत की सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान कई बार स्पॉट किया जा चुका है। स्पाई शॉट्स से संकेत मिलता है कि इसका डिजाइन पारंपरिक SUV से ज्यादा स्पोर्टी क्रॉसओवर जैसा होगा।

गाड़ी में Hyundai के सिग्नेचर डिजाइन एलिमेंट्स देखने को मिल सकते हैं, जिसमें स्लिम LED लाइट्स, स्क्वायर्ड व्हील आर्च और मॉडर्न एक्सटीरियर स्टाइल शामिल हैं।

इसके इंटीरियर की बात करें तो टेस्टिंग मॉडल में नया डैशबोर्ड लेआउट, कर्व्ड डुअल स्क्रीन और नए डिजाइन का स्टीयरिंग व्हील देखने को मिला है। केबिन में हल्के रंग की प्रीमियम ट्रिम भी दी जा सकती है। इसके अलावा ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलने की भी उम्मीद है।

Brezza को मिलेगी सीधी टक्कर?

Hyundai Bayon की एंट्री के बाद इस सेगमेंट में मुकाबला और ज्यादा दिलचस्प हो सकता है। करीब 4.2 मीटर की लंबाई और SUV-कूपे जैसी स्पोर्टी डिजाइन के चलते इसे Maruti Suzuki Brezza जैसे मॉडलों के मुकाबले उतारा जा सकता है।

अगर Hyundai इसे सही कीमत और दमदार फीचर्स के साथ लॉन्च करती है, तो यह SUV भारतीय कॉम्पैक्ट SUV बाजार में कंपनी की स्थिति को मजबूत कर सकती है।

Hyundai का EV पर भी बड़ा फोकस

Hyundai Motor India आने वाले समय में अपने SUV पोर्टफोलियो के साथ इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट पर भी बड़ा दांव लगा रही है। कंपनी की योजना उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ नई SUVs और एक नई इलेक्ट्रिक कार पेश करने की है।

फिलहाल Hyundai के इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो में Creta Electric और Ioniq 5 शामिल हैं। कंपनी का लक्ष्य चार्जिंग नेटवर्क बढ़ाने, EV-ready सेल्स और सर्विस सेंटर तैयार करने और डीलरशिप कर्मचारियों को ट्रेनिंग देने के जरिए EV ग्राहकों का भरोसा बढ़ाना है।

कंपनी के मुताबिक, इलेक्ट्रिक वाहनों की सर्विस और मेंटेनेंस के लिए उसके पास 2,600 से ज्यादा प्रशिक्षित सर्विस कर्मचारी हैं।

अब देखना होगा कि Hyundai Bayon भारत में किस कीमत पर लॉन्च होती है और क्या यह Brezza, Venue और दूसरी कॉम्पैक्ट SUVs के सामने अपनी अलग पहचान बनाने में कामयाब होती है।