Chhath Puja 2026: छठ पर हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालक रहें अलर्ट, NHAI ने जारी की नई ट्रैफिक एडवाइजरी
छठ महापर्व के दौरान देश के कई राज्यों में सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में श्रद्धालु बड़ी संख्या में छठ घाटों तक पहुंचते हैं। इस दौरान हाईवे पर जाम और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने वाहन चालकों के लिए विशेष सड़क सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है।
NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने यात्रियों से अपील की है कि त्योहार के दौरान यात्रा करते समय यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने और सड़क पर अनुशासन बनाए रखने की जरूरत है।
तेज रफ्तार और गलत ओवरटेकिंग से बचें
NHAI ने अपनी एडवाइजरी में वाहन चालकों को निर्धारित स्पीड लिमिट के अनुसार गाड़ी चलाने की सलाह दी है। हाईवे पर बिना जरूरत ओवरटेकिंग करना और गलत दिशा में वाहन चलाना खतरनाक हो सकता है। इसके अलावा शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ के सेवन के बाद ड्राइविंग करने से पूरी तरह बचने को कहा गया है।
ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति दोनों के लिए हेलमेट पहनना जरूरी है। वहीं कार में सफर करने वाले सभी यात्रियों को सीट बेल्ट लगाने की हिदायत दी गई है।
छठ घाटों के आसपास पैदल चलने वालों का रखें ध्यान
छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु सिर पर पूजा सामग्री लेकर पैदल ही घाटों की तरफ जाते हैं। कई जगहों पर सुबह और शाम के समय सड़कों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही काफी बढ़ जाती है।
ऐसे में NHAI ने वाहन चालकों को धार्मिक स्थलों और छठ घाटों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। चालकों को पैदल यात्रियों को प्राथमिकता देने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहन की गति कम रखने की सलाह दी गई है।
सुबह के समय कोहरे में ड्राइविंग करते वक्त बरतें सावधानी
छठ के दौरान सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालु तड़के ही घरों से निकल जाते हैं। इस समय कई इलाकों में कोहरा और कम रोशनी होने के कारण सड़क पर दिखाई देना मुश्किल हो सकता है।
NHAI ने ऐसे मौसम में वाहन चालकों को धीमी गति से गाड़ी चलाने की सलाह दी है। साथ ही हेडलाइट और फॉग लैंप का सही इस्तेमाल करने तथा आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखने को कहा गया है।
सफर पर निकलने से पहले गाड़ी की जांच जरूरी
प्राधिकरण ने लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को घर से निकलने से पहले वाहन की स्थिति जांचने की सलाह दी है। खासतौर पर टायर, ब्रेक, इंजन और लाइट्स की अच्छी तरह जांच कर लेनी चाहिए।
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनावश्यक रूप से वाहन रोकने और सड़क किनारे असुरक्षित तरीके से पार्किंग करने से बचने को कहा गया है। हाईवे पर अचानक गाड़ी रोकने से पीछे से आने वाले वाहनों के टकराने का खतरा रहता है।
NHAI की इस एडवाइजरी का उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और श्रद्धालुओं के साथ-साथ अन्य यात्रियों का सफर सुरक्षित बनाना है। इसलिए त्योहार के दौरान हाईवे पर निकलने वाले वाहन चालकों को सभी सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए।