×

1000Km तक की रेंज और पेट्रोल का भी सपोर्ट! BYD की नई Dolphin ने EV बाजार में मचाई हलचल

 

BYD की नई DM-i टेक्नोलॉजी आजकल काफी चर्चा में है। इस टेक्नोलॉजी की मदद से कंपनी ग्राहकों की "रेंज एंग्जायटी" (रेंज को लेकर होने वाली चिंता) को दूर करना चाहती है। कंपनी भारत में भी इसी टेक्नोलॉजी पर आधारित एक कार लॉन्च करने की योजना बना रही है। हालांकि, कंपनी ने अभी इस टेक्नोलॉजी पर आधारित एक प्लग-इन हाइब्रिड कार - Dolphin G DM-i पेश की है।

यह हैचबैक खास तौर पर यूरोपीय बाज़ार के लिए डिज़ाइन की गई है। BYD ने इस गाड़ी को यूरोपीय बाज़ार की खास ज़रूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया है। कंपनी ने भारतीय बाज़ार के लिए भी इस टेक्नोलॉजी का ज़िक्र किया है, जिससे यह संकेत मिलता है कि BYD जल्द ही भारत में अपनी पहली हाइब्रिड कार लॉन्च कर सकती है।

इसके मुकाबले में कौन हैं?
Dolphin G DM-i की बात करें तो इस कार की लंबाई 4,160 mm है। यूरोप में यह गाड़ी सीधे तौर पर Volkswagen Polo, Renault Clio और Toyota Yaris से मुकाबला करेगी। जहां इसके मुकाबले वाली गाड़ियों में आमतौर पर माइल्ड-हाइब्रिड या स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड सिस्टम होते हैं, वहीं Dolphin G में प्लग-इन हाइब्रिड सेटअप दिया गया है।

इस नई गाड़ी के साथ कंपनी उन यूज़र्स को टारगेट कर रही है जो EV जैसा ड्राइविंग अनुभव चाहते हैं, लेकिन पूरी तरह से चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर निर्भर नहीं रहना चाहते। यूरोप में इस कार की डिलीवरी 2026 के आखिर तक शुरू होने की उम्मीद है। इस गाड़ी की कीमत के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।

1,000 km की रेंज

कंपनी का दावा है कि यह कार 1,000 किलोमीटर (621 मील) की ड्राइविंग रेंज देगी। यह रेंज यूरोप में अभी उपलब्ध ज़्यादातर इलेक्ट्रिक हैचबैक कारों से काफी ज़्यादा है। हालांकि, BYD ने अभी इस गाड़ी के सभी स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा नहीं किया है। ब्रांड ने बताया है कि DM-i सिस्टम में इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन को प्राथमिकता दी जाती है, जबकि पेट्रोल इंजन मुख्य रूप से रेंज बढ़ाने वाले (range extender) के तौर पर काम करता है। इस व्यवस्था से लंबी दूरी की यात्रा करना आसान हो जाता है। कंपनी Dolphin DM-i में भी इसी सेटअप का इस्तेमाल कर सकती है। इसमें 1.5-लीटर का पेट्रोल इंजन लगा हो सकता है।

इस कार में BYD की ब्लेड बैटरी टेक्नोलॉजी के साथ आगे की तरफ एक इलेक्ट्रिक मोटर लगी होगी। कंपनी अभी Atto 2 DM-i में यह टेक्नोलॉजी दे रही है। वेरिएंट के आधार पर, यह कार 164 PS और 212 PS का पावर आउटपुट देती है। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी इस कार का निर्माण केवल यूरोप में ही कर सकती है।