×

सिर्फ 1 बार चार्ज और 500 KM की रेंज, Family के लिए बेस्ट हैं ये 3 नई इलेक्ट्रिक कारें
 

 

भारतीय कार बाजार में ईवी धीरे-धीरे अपनी हिस्सेदारी बढ़ा रहे हैं। कार कंपनियां भी इसका फायदा उठाने के लिए अपने इलेक्ट्रिक व्हीकल पोर्टफोलियो का विस्तार करने की तैयारी कर रही हैं। इतना ही नहीं, कंपनियां नए मॉडल पर काम कर रही हैं। 5 सीटर के अलावा कंपनी 7 सीटर मॉडल पर भी फोकस कर रही है। पिछले कुछ सालों में किफायती 7 सीटर कारों की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। यहां हम आपको इस साल भारत में लॉन्च होने वाली इलेक्ट्रिक MPV के बारे में जानकारी दे रहे हैं।

किआ कैरेंस EV

किआ इंडिया ने हाल ही में कैरेंस क्लैविस को भारत में पेश किया है। और अब अपनी कैरेंस EV को लॉन्च करने जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, नए मॉडल को इस साल जुलाई महीने में लॉन्च किया जा सकता है। नए मॉडल के डिजाइन से लेकर इंटीरियर तक में पेट्रोल मॉडल की झलक देखने को मिलेगी। इसके अलावा डायमेंशन से लेकर व्हील साइज भी पहले जैसा ही रहने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि इसमें लगी बैटरी फुल चार्ज होने पर 450km से 500km तक की रेंज दे सकती है। भारत में इसका मुकाबला क्रेटा इलेक्ट्रिक से होगा।

एमजी एम9

जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने 2025 ऑटो एक्सपो में एम9 प्रीमियम इलेक्ट्रिक एमपीवी का अनावरण किया। कंपनी इस कार को इस साल फेस्टिव सीजन के आसपास लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इस प्रीमियम इलेक्ट्रिक एमपीवी की प्री-बुकिंग शुरू हो चुकी है। माना जा रहा है कि यह कार 90kWh बैटरी पैक के साथ आएगी। यह एमपीवी 245 बीएचपी और 350Nm का पीक टॉर्क दे सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह सिंगल चार्ज पर 430 किलोमीटर तक की रेंज दे सकती है। इस इलेक्ट्रिक एमपीवी को प्रीमियम और बेहद आरामदायक केबिन एक्सपीरियंस की तलाश करने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। भारत में इसका मुकाबला किआ कार्निवल और टोयोटा वेलफायर जैसी कारों से होगा। बताया जा रहा है कि कुछ डीलरों ने इस कार की बुकिंग भी शुरू कर दी है।

महिंद्रा XEV 7e

महिंद्रा इस साल के अंत तक भारत में XEV 7e लॉन्च कर सकती है। यह भारत में पहली मास-मार्केट 7-सीटर इलेक्ट्रिक एसयूवी होगी। XUV700 का इलेक्ट्रिफाइड वर्जन फैमिली क्लास को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इसके केबिन को आरामदायक बनाने के लिए सभी जरूरी फीचर्स शामिल किए जाएंगे। नए मॉडल XEV 7e को दो बैटरी पैक ऑप्शन के साथ पेश किया जाएगा, जिसमें 59 kWh और 79 kWh बैटरी पैक दिए जाएंगे। यह फुल चार्ज पर 500 किलोमीटर तक की रेंज दे सकता है। यह 6-7 सीटर में आएगा।