Dev uthani ekadashi kab hai: देवउठनी एकादशी कब है? जानें डेट, पूजा मुहूर्त, विधि और पारण का समय
हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष महत्व है। कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवोत्थान एकादशी, देवउठनी एकादशी और प्रबोधिनी एकादशी कहा जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त हो जाता है और विवाह, गृह प्रवेश सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। साल 2026 में देवउठनी एकादशी 20 नवंबर, शुक्रवार को मनाई जा रही है। हालांकि वैष्णव संप्रदाय के लोग 21 नवंबर को व्रत रखेंगे।
देवउठनी एकादशी 2026 की तिथि
पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर शुरू होगी। इसका समापन 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर होगा। उदयातिथि और परंपरा के अनुसार गृहस्थ लोग 20 नवंबर को व्रत रखेंगे, जबकि वैष्णव संप्रदाय में 21 नवंबर को एकादशी मनाई जाएगी।
देवउठनी एकादशी 2026 पूजा का शुभ मुहूर्त
20 नवंबर को पूजा के लिए शुभ समय इस प्रकार है:
-
ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5:01 से 5:44 बजे तक
-
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:45 से दोपहर 12:28 बजे तक
-
गोधूलि मुहूर्त: शाम 5:26 से 5:52 बजे तक
इन शुभ समय में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा की जा सकती है।
देवउठनी एकादशी व्रत का पारण कब करें?
जो श्रद्धालु 20 नवंबर को एकादशी का व्रत रखेंगे, वे 21 नवंबर को पारण करेंगे। दिल्ली के पंचांग के अनुसार पारण का समय दोपहर 1 बजकर 11 मिनट से 3 बजकर 18 मिनट तक है। हरि वासर की समाप्ति दोपहर लगभग 12 बजकर 7 मिनट पर होगी।
वहीं, 21 नवंबर को व्रत रखने वाले वैष्णव श्रद्धालु 22 नवंबर को सुबह 6 बजकर 49 मिनट से 8 बजकर 56 मिनट के बीच पारण कर सकते हैं। स्थान के अनुसार पारण के समय में अंतर हो सकता है।
देवउठनी एकादशी की पूजा विधि
-
सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें।
-
पूजा स्थल की सफाई करके भगवान विष्णु की प्रतिमा के सामने दीपक जलाएं।
-
भगवान को पीले फूल, फल, मिठाई और तुलसी दल अर्पित करें।
-
भगवान विष्णु के मंत्र 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' का जाप करें।
-
देवउठनी एकादशी की व्रत कथा पढ़ें या सुनें।
-
शाम को शंख और घंटियां बजाकर भगवान विष्णु को योगनिद्रा से जगाएं।
-
भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की आरती करें।
तुलसी विवाह का भी है विशेष महत्व
देवउठनी एकादशी पर कई घरों में तुलसी विवाह की परंपरा निभाई जाती है। इस दिन माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराया जाता है। तुलसी के पौधे को सजाकर मंडप बनाया जाता है और विवाह की सभी रस्में पूरी की जाती हैं।
देवउठनी एकादशी का धार्मिक महत्व
धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन व्रत और भगवान विष्णु की पूजा करने से पापों से मुक्ति मिलती है तथा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है। इस एकादशी के साथ ही चार महीने से बंद पड़े मांगलिक कार्य फिर से शुरू हो जाते हैं।