☰
×

बच्चे को नजर लगने पर दिखते हैं ये 3 बड़े संकेत, एस्ट्रोलॉजर से जानिए नजर उतारने के सटीक और सरल नियम​​​​​​​

 

हिंदू धर्म में नजर दोष को लेकर कई तरह की मान्यताएं प्रचलित हैं। मान्यता है कि किसी की नकारात्मक नजर पड़ने से व्यक्ति के व्यवहार या स्वास्थ्य में बदलाव दिखाई दे सकते हैं। खासतौर पर छोटे बच्चों को लेकर ऐसी मान्यताएं ज्यादा देखने को मिलती हैं। यही वजह है कि कई माता-पिता बच्चों की नजर उतारने के लिए अलग-अलग घरेलू और धार्मिक उपाय करते हैं।इसी विषय को लेकर एस्ट्रोलॉजर साक्षी सिंघल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में उन्होंने कुछ ऐसे संकेतों के बारे में बताया है, जिन्हें ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार बच्चे को नजर लगने से जोड़कर देखा जाता है। हालांकि, इन संकेतों के पीछे कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है और बच्चे के बार-बार बीमार होने पर डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।

बच्चे को नजर लगी है या नहीं, कैसे पहचानें?

साक्षी सिंघल के मुताबिक, अगर बच्चे के व्यवहार में अचानक कुछ बदलाव दिखाई देने लगें, तो ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार इसे नजर दोष का संकेत माना जाता है।

1. अचानक चिड़चिड़ापन बढ़ना
अगर बच्चा सामान्य रूप से शांत रहता है, लेकिन अचानक बहुत ज्यादा चिड़चिड़ा रहने लगे और छोटी-छोटी बातों पर परेशान या रोने लगे, तो इसे नजर लगने से जोड़कर देखा जाता है।

2. बात-बात पर गुस्सा करना
अगर बच्चे के स्वभाव में अचानक बदलाव आए और वह छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा करने लगे, तो इसे भी कुछ लोग नजर दोष का संकेत मानते हैं।

3. बार-बार बीमार पड़ना
ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार अगर बच्चा अचानक बार-बार अस्वस्थ रहने लगे, तो कुछ लोग इसे नजर लगने से जोड़ते हैं। हालांकि, बच्चे की तबीयत बार-बार खराब हो रही हो तो इसका कारण जानने के लिए चिकित्सकीय जांच कराना जरूरी है।

बच्चों की नजर उतारने के लिए क्या उपाय बताया गया?

एस्ट्रोलॉजर ने बच्चों की नजर उतारने के लिए एक छोटी पोटली बनाने का उपाय बताया है। इसके लिए कुछ सामान्य चीजों का इस्तेमाल किया जाता है।

इसके लिए आपको चाहिए:

  • सेंधा नमक की एक डली
  • 2 सूखी लाल मिर्च
  • 2 लौंग
  • थोड़ी सी पीली सरसों
  • एक छोटा और साफ कपड़ा

इन सभी चीजों को कपड़े में रखकर अच्छी तरह बांध दें और इसकी एक छोटी-सी पोटली बना लें। इसके बाद इस पोटली को बच्चे के बिस्तर के पास या तकिए के नीचे रखने की बात कही गई है।

किस दिन करना है ये उपाय?

साक्षी सिंघल के अनुसार, यह उपाय शुक्रवार की रात किया जा सकता है। बच्चे के सोने से पहले पोटली को उसके बिस्तर के पास रख दें और इसे रविवार रात तक वहीं रहने दें।इसके बाद सोमवार सुबह पोटली को घर से बाहर ले जाकर किसी पेड़ के नीचे रखने या फिर कूड़ेदान में डालने की बात कही गई है।

ध्यान रखें

नजर दोष से जुड़े ये उपाय धार्मिक और ज्योतिषीय मान्यताओं पर आधारित हैं। इनके प्रभाव का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। अगर बच्चा लगातार चिड़चिड़ा रहता है, बार-बार बीमार पड़ता है, ठीक से खाना नहीं खाता या उसके व्यवहार में लंबे समय तक बदलाव रहता है, तो केवल ऐसे उपायों पर निर्भर रहने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।