शनि उत्तर भाद्रपद नक्षत्र में कब तक रहेंगे? इन 4 राशियों को मिलेगा लाभ
ज्योतिष शास्त्र में शनिदेव को कर्मफल दाता और न्याय का देवता माना जाता है। मान्यता है कि शनि की चाल और नक्षत्र परिवर्तन का प्रभाव सभी 12 राशियों के जीवन पर पड़ता है। इस समय शनिदेव मीन राशि में उत्तर भाद्रपद नक्षत्र में वक्री अवस्था में विराजमान हैं। शनि ने 9 अक्टूबर 2026 को उत्तर भाद्रपद नक्षत्र में प्रवेश किया था और अब वे 8 फरवरी 2027 तक इसी नक्षत्र में रहेंगे। इसके बाद शनि रेवती नक्षत्र में प्रवेश करेंगे।
उत्तर भाद्रपद नक्षत्र के स्वामी स्वयं शनिदेव हैं। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, अपने ही नक्षत्र में शनि का गोचर कुछ राशियों के लिए करियर, कारोबार और आर्थिक मामलों में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। पंडित नरेंद्र उपाध्याय के अनुसार, इस दौरान वृषभ, तुला, मकर और कुंभ राशि के जातकों को विशेष लाभ मिलने की संभावना है।
वृषभ राशि: करियर में मिल सकती है नई पहचान
वृषभ राशि के जातकों के लिए शनि का यह नक्षत्र गोचर करियर के लिहाज से अच्छा माना जा रहा है। नौकरी में लंबे समय से आ रही परेशानियां कम हो सकती हैं। मेहनत का उचित परिणाम मिलने और अधिकारियों से सराहना मिलने के योग हैं। कारोबारियों को पुराने संपर्कों से फायदा मिल सकता है। कोई रुका हुआ काम दोबारा शुरू होने की संभावना है। आर्थिक स्थिति में भी धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल सकता है।
तुला राशि: नौकरी और कारोबार में आगे बढ़ने के अवसर
तुला राशि वालों के लिए आने वाला समय नए अवसर लेकर आ सकता है। नौकरीपेशा लोगों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। लंबे समय से अटके हुए काम गति पकड़ सकते हैं। नौकरी बदलने की सोच रहे लोगों को अच्छा प्रस्ताव मिल सकता है। मौजूदा नौकरी में पदोन्नति की संभावना भी बन सकती है। कारोबार से जुड़े लोगों को विस्तार के अवसर मिल सकते हैं। पारिवारिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
मकर राशि: पुरानी परेशानियों से मिल सकती है राहत
मकर राशि के जातकों के लिए शनि का अपने नक्षत्र में रहना अनुकूल माना जा रहा है। कार्यक्षेत्र में आ रही बाधाएं धीरे-धीरे दूर हो सकती हैं। नौकरी में आपके काम को महत्व मिलेगा और वरिष्ठ अधिकारी नई जिम्मेदारी सौंप सकते हैं। कारोबारियों को किसी पुरानी योजना या सौदे से लाभ मिलने की उम्मीद है। किसी अनुभवी व्यक्ति से मुलाकात भविष्य में फायदेमंद साबित हो सकती है। आर्थिक मामलों में भी राहत मिल सकती है।
कुंभ राशि: आय के नए रास्ते खुलने की उम्मीद
कुंभ राशि के जातकों पर इस समय शनि की साढ़ेसाती का अंतिम चरण चल रहा है। इसके बावजूद ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, उत्तर भाद्रपद नक्षत्र में शनि का गोचर इनके लिए राहत के संकेत दे सकता है। नौकरीपेशा लोगों को अपनी मेहनत का फल मिल सकता है। कारोबारियों की लंबे समय से बनाई जा रही योजनाएं आगे बढ़ सकती हैं। आय के नए स्रोत बनने और आर्थिक स्थिति में सुधार होने की संभावना है।
कब होगा शनि का अगला नक्षत्र परिवर्तन?
ज्योतिषीय गणना के अनुसार, शनिदेव 8 फरवरी 2027 को उत्तर भाद्रपद नक्षत्र से निकलकर रेवती नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। इस तरह 9 अक्टूबर 2026 से शुरू हुआ उनका यह नक्षत्र गोचर लगभग चार महीने तक रहेगा। इस अवधि में शनि वक्री रहेंगे और 11 दिसंबर 2026 को मार्गी होंगे।