वर्क फ्रॉम कैफे बना मालिकों के लिए सिरदर्द, ग्राहकों की इस आदत से घट रहा बिजनेस
घर से काम करने की सुविधा ने लोगों की काम करने की आदतों को काफी बदल दिया है। अब कई लोग घर या दफ्तर के बजाय कैफे में बैठकर लैपटॉप पर काम करना पसंद करते हैं। कॉफी की चुस्कियों के साथ इंटरनेट और आरामदायक माहौल में काम करना उन्हें अच्छा लगता है। लेकिन लोगों का यही शौक अब कैफे मालिकों के लिए परेशानी बनता जा रहा है। कुछ ग्राहक केवल एक कप कॉफी खरीदते हैं और फिर कई-कई घंटे तक एक ही टेबल पर कब्जा जमाकर बैठे रहते हैं। इससे कैफे में आने वाले दूसरे ग्राहकों को जगह नहीं मिलती और कारोबार पर असर पड़ रहा है।
ऐसा ही एक मामला बेंगलुरु के इंदिरानगर इलाके से सामने आया है। यहां एक नए कैफे के मालिक की परेशानी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।
60 से 70 लाख रुपये लगाकर खोला कैफे
बेंगलुरु के उद्यमी विक्रमादित्य शुक्ला ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने स्कूल के दोस्त के कैफे से जुड़ा अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि उनके दोस्त ने इंदिरानगर में नया कैफे शुरू करने के लिए करीब 60 से 70 लाख रुपये का निवेश किया है।
लेकिन कारोबार शुरू होने के कुछ समय बाद ही उन्हें एक ऐसी समस्या का सामना करना पड़ रहा है, जिसकी उन्होंने शायद कल्पना भी नहीं की थी। कुछ ग्राहक करीब 150 रुपये की एक कॉफी खरीदते हैं, लैपटॉप निकालते हैं और घंटों तक एक ही टेबल पर बैठे रहते हैं। कई बार ये ग्राहक सुबह से शाम तक कैफे में ही समय बिताते हैं।
दूसरे ग्राहक आते हैं और बिना ऑर्डर लौट जाते हैं
कैफे मालिक की परेशानी तब बढ़ जाती है, जब नए ग्राहक वहां पहुंचते हैं। उन्हें कैफे की सभी सीटें भरी हुई दिखाई देती हैं। ऐसे में कई लोग बैठने की जगह नहीं मिलने के कारण बिना कुछ खरीदे ही वापस लौट जाते हैं।
एक तरफ टेबल पर बैठे ग्राहक ने केवल 150 रुपये खर्च किए हैं, वहीं दूसरी तरफ नए ग्राहकों के लौट जाने से कैफे को संभावित कमाई का नुकसान उठाना पड़ता है। कैफे में किराया, कर्मचारियों की तनख्वाह, बिजली और अन्य खर्च लगातार जारी रहते हैं, लेकिन एक ही टेबल से लंबे समय तक कमाई नहीं हो पाती।
खराब समीक्षा के डर से मालिक भी परेशान
विक्रमादित्य के मुताबिक, कैफे मालिक के लिए ऐसे ग्राहकों को उठकर जाने के लिए कहना भी आसान नहीं है। आजकल इंटरनेट पर मिलने वाली ग्राहक समीक्षाएं किसी भी नए कारोबार की छवि बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं। अगर कोई ग्राहक नाराज होकर खराब समीक्षा लिख दे तो इससे कैफे की प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है।
इसी डर के कारण मालिक ऐसे ग्राहकों के सामने सख्त नियम लागू करने से बच रहे हैं।
महंगी कॉफी के पीछे समझ आया कारोबार का गणित
इस घटना को साझा करते हुए विक्रमादित्य ने बताया कि अब उन्हें समझ आने लगा है कि स्टारबक्स, कैफे कॉफी डे और थर्ड वेव कॉफी जैसी बड़ी शृंखलाओं में कॉफी और नाश्ते की कीमतें इतनी अधिक क्यों होती हैं। उनके मुताबिक, ग्राहक केवल कॉफी या खाने के पैसे नहीं देते, बल्कि कैफे में बैठने के लिए इस्तेमाल होने वाली जगह और कुर्सी का खर्च भी उसी कीमत में शामिल होता है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने दिए समाधान
इस मामले पर सोशल मीडिया पर लोगों के बीच बहस शुरू हो गई है। कुछ लोगों ने सुझाव दिया कि कैफे में बैठने का समय निर्धारित होना चाहिए। एक सुझाव यह भी आया कि हर घंटे के हिसाब से ग्राहकों को कुछ न कुछ ऑर्डर करना अनिवार्य किया जाए।
कुछ लोगों ने घंटे के हिसाब से बैठने का शुल्क लेने की सलाह दी। वहीं, कुछ यूजर्स का कहना है कि कैफे में लैपटॉप इस्तेमाल करने के लिए अलग जगह बनाई जा सकती है और शाम या सप्ताहांत में लैपटॉप पर काम करने की अनुमति सीमित की जा सकती है।
फिलहाल इस मामले ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या कैफे सिर्फ कॉफी पीने की जगह हैं या फिर उन्हें काम करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले साझा कार्यालयों की तरह भी देखा जाना चाहिए। ग्राहकों की सुविधा और कारोबार की कमाई के बीच संतुलन बनाना अब कैफे मालिकों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।