☰
×

जब अनंत सिंह के सामने ही होने लगी उनकी मिमिक्री, आवाज और अंदाज भी हूबहू; VIDEO वायरल
 

 

बिहार के मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह इन दिनों एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका कोई राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि उनके सामने ही हुई उनकी मिमिक्री है। मिमिक्री आर्टिस्ट विपुल ठाकुर ने अनंत सिंह के पास बैठकर उन्हीं की आवाज, बोलने के अंदाज और हाव-भाव की नकल की। खास बात यह रही कि अनंत सिंह खुद इस मिमिक्री का आनंद लेते और मुस्कुराते नजर आए।

सामने बैठे अनंत सिंह, कलाकार ने शुरू कर दी मिमिक्री

वायरल वीडियो में अनंत सिंह कुछ लोगों और समर्थकों के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं। उनके ठीक बगल में विपुल ठाकुर मौजूद हैं। बताया गया है कि विपुल उनसे मिलने पहुंचे थे और इसी दौरान उन्होंने विधायक के सामने ही उनकी मिमिक्री शुरू कर दी।

विपुल ने अनंत सिंह जैसा लुक भी अपनाया हुआ था। सफेद कपड़े, चश्मा और माथे पर टीका लगाए कलाकार ने उनके बोलने के अंदाज को कॉपी किया। जब उन्होंने बोलना शुरू किया तो वहां मौजूद लोग हंसने लगे और तालियां बजाने लगे।

मोकामा विधायक अनंत सिंह की हूबहू आवाज़ और उनके बेबाक अंदाज़ में मिमिक्री करने वाले डिजिटल क्रिएटर विपुल ठाकुर ने आज विधायक जी से मुलाकात किया और उनके सामने ही उनकी मिमिक्री को सुनाया,वहाँ मौजूद सभी लोगो ने पूरा आनंद लिया।

अनंत सिंह की अनंत कथा सुना रहे हैं..#AnantSingh#bihar pic.twitter.com/5ReavD4Isc

— बेगूसराय जिला 🇮🇳 (@BegusaraiJila09) September 27, 2026


'बढ़िया' और 'कुछौ नहीं कहेंगे' वाले अंदाज की नकल

वीडियो में एक शख्स कलाकार से सवाल करता है और विपुल अनंत सिंह के अंदाज में जवाब देते हैं। 'बढ़िया' और 'कुछौ नहीं कहेंगे' जैसे चर्चित अंदाज में जवाब सुनकर वहां मौजूद लोग ठहाके लगाने लगते हैं। खुद अनंत सिंह भी सामने बैठकर अपनी मिमिक्री सुनते हुए मुस्कुराते दिखाई देते हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहा है। यूजर्स विपुल ठाकुर की आवाज और अंदाज की नकल देखकर उनकी मिमिक्री की तारीफ कर रहे हैं। कुछ यूजर्स ने तो इसे अनंत सिंह की आवाज से बेहद मिलता-जुलता बताया है। इस पूरे वीडियो की सबसे खास बात यही है कि जिस शख्स की मिमिक्री की जा रही थी, वही व्यक्ति कलाकार के सामने बैठा था और खुद भी इस मजेदार प्रस्तुति का आनंद लेते नजर आया।