बुलंदशहर कोर्ट परिसर में ‘तारीख’ को लेकर बवाल, दोनों पक्षों में जमकर चले लात-घूंसे
बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में कोर्ट परिसर में तारीख को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लड़की के भाई के साथ मारपीट का आरोप
बताया जा रहा है कि सुनवाई की तारीख के सिलसिले में लड़की का भाई कोर्ट परिसर पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान लड़के पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए।
बीच-बचाव करने पहुंची मां-बेटी से भी धक्का-मुक्की
विवाद को शांत कराने के लिए लड़की और उसकी मां भी मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। वायरल वीडियो में मां-बेटी मदद के लिए चिल्लाती नजर आ रही हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे।
वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के कोर्ट परिसर की बताई जा रही है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।