☰
×

रोबोट भी निकले कामचोर, दुकान में कचरा देखते ही नौकरी छोड़कर भागे!
 

 

अब तक आपने इंसानों को काम से बचने के बहाने बनाते देखा होगा, लेकिन चीन में कुछ रोबोट भी ऐसे निकले, जिन्हें काम करना कुछ खास रास नहीं आया। यहां छह मानवरूपी रोबोट को एक दुकान में लगातार 24 घंटे काम करने की जिम्मेदारी दी गई। शुरुआत में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन जैसे ही सफाई करने वाले रोबोट के सामने कचरे से भरा डिब्बा आया, वह ऐसा घबराया कि अपना काम छोड़कर दुकान से बाहर ही निकल गया। वहीं, एक दूसरा रोबोट भी अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा पाया।

यह अनोखा प्रयोग चीन के शंघाई शहर में किया गया। चीनी रोबोट निर्माता कंपनी एजीबॉट ने अपने छह जी-2 मानवरूपी रोबोट को एक सुविधा दुकान में काम करने के लिए लगाया। इस परीक्षण का नाम 'रोबोट्स नेवर क्लॉक आउट' रखा गया था। इसका मकसद यह देखना था कि क्या रोबोट बिना लगातार मानवीय मदद के किसी दुकान में रोजमर्रा के काम संभाल सकते हैं।

24 घंटे में किए 1,730 काम

2 से 3 नवंबर तक चले इस परीक्षण में छह रोबोटों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई थीं। किसी को ग्राहकों का स्वागत करना था, तो किसी को सामान निकालकर देना था। कुछ रोबोट कॉफी और गर्म खाना तैयार कर रहे थे, जबकि अन्य को दुकानों की अलमारियों की जांच, सामान भरने और सफाई का काम सौंपा गया था।

कंपनी के मुताबिक, सभी छह रोबोटों ने मिलकर 24 घंटे में कुल 1,730 काम पूरे किए। इनमें 683 बार ग्राहकों का स्वागत करना, 369 उत्पाद निकालकर देना, 147 कॉफी तैयार करना, 126 गर्म खाने के आदेश पूरे करना और 128 बार मेजों की सफाई करना शामिल था।

कचरे का डिब्बा देखते ही बदल गया रास्ता

इस प्रयोग का सबसे मजेदार हिस्सा सफाई करने वाले रोबोट के साथ हुआ। उसे दुकान में सफाई और मेजों को साफ रखने की जिम्मेदारी दी गई थी। रात के समय जब वह अपने निर्धारित रास्ते पर काम कर रहा था, तभी उसके सामने कचरे से भरा डिब्बा आ गया।

रोबोट को समझ नहीं आया कि अब उसे क्या करना चाहिए। कचरा उठाने या किसी दूसरे तरीके से समस्या सुलझाने के बजाय उसने अपना निर्धारित रास्ता छोड़ दिया और दुकान से बाहर निकल गया। हैरानी की बात यह रही कि बाहर जाने के बाद वह वापस अपनी जगह भी नहीं लौट पाया।

कंपनी ने इस रोबोट के प्रदर्शन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उसकी कार्यप्रणाली में सुधार की जरूरत है। उसके काम के नियमों को दोबारा व्यवस्थित करने की बात भी कही गई।

Broadcast


दूसरा रोबोट भी निकला सुस्त

Broadcast
Broadcast
Broadcast

Broadcast




सिर्फ सफाई करने वाला रोबोट ही नहीं, बल्कि अलमारियों की जांच और सामान भरने की जिम्मेदारी संभालने वाला दूसरा रोबोट भी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। कंपनी के आकलन के मुताबिक, उसमें काम करने की पहल की कमी थी। वह अलमारियों की नियमित जांच और सामान दोबारा भरने का काम तेजी से नहीं कर पाया।

इस तरह छह में से चार रोबोटों का प्रदर्शन संतोषजनक रहा, जबकि दो रोबोटों को अपनी जिम्मेदारियों में सुधार की जरूरत बताई गई।

इंसानों की जगह लेने में अभी बाकी है वक्त

इस प्रयोग ने दिखाया कि रोबोट ग्राहकों से बातचीत करने, सामान पहुंचाने और कॉफी बनाने जैसे काम तो कर सकते हैं, लेकिन अचानक सामने आने वाली परिस्थितियों में अब भी उन्हें परेशानी होती है। इंसान ऐसी स्थिति में खुद फैसला लेकर रास्ता निकाल सकता है, जबकि रोबोट को अक्सर पहले से तय निर्देशों पर निर्भर रहना पड़ता है।

इस घटना का वीडियो और इससे जुड़ी खबरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। लोग मजाक में कह रहे हैं कि अब रोबोट भी काम से बचने के बहाने बनाने लगे हैं। हालांकि, तकनीकी नजरिए से यह प्रयोग बताता है कि रोबोट को वास्तविक दुनिया में पूरी तरह स्वतंत्र होकर काम करने लायक बनाने के लिए अभी काफी सुधार की जरूरत है।