रोबोट भी निकले कामचोर, दुकान में कचरा देखते ही नौकरी छोड़कर भागे!
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोबोटिक्स की दुनिया में हर दिन नए प्रयोग हो रहे हैं। अब रोबोट दुकानों में सामान बेचने से लेकर कॉफी बनाने और सफाई करने तक का काम कर रहे हैं। लेकिन चीन में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हंसने पर मजबूर कर दिया। यहां एक सफाई करने वाला रोबोट दुकान में कचरे से भरा डस्टबिन देखकर ऐसा घबराया कि अपना काम छोड़कर बाहर की तरफ चला गया। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोग रोबोट को भी कामचोर कहकर मजे ले रहे हैं।
यह मामला चीन के शंघाई शहर का है। यहां एक सुविधा स्टोर में छह ह्यूमनॉइड रोबोट को लगातार 24 घंटे काम करने की जिम्मेदारी दी गई थी। इस प्रयोग का मकसद यह देखना था कि असली दुकान में ग्राहकों के बीच रोबोट कितनी अच्छी तरह काम कर सकते हैं। इस दौरान रोबोट को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं।
24 घंटे की ड्यूटी पर लगाए गए थे 6 रोबोट
चीनी रोबोटिक्स कंपनी AGIBOT ने अपने छह G2 रोबोट को दुकान में तैनात किया था। इनमें किसी को ग्राहकों का स्वागत करने, किसी को सामान निकालकर देने, तो किसी को कॉफी और गर्म खाना तैयार करने की जिम्मेदारी मिली थी। एक रोबोट को दुकान की अलमारियों की जांच और सामान व्यवस्थित करने का काम दिया गया था, जबकि एक अन्य रोबोट सफाई के लिए लगाया गया था।
यह परीक्षण 2 नवंबर से 3 नवंबर 2026 तक चला। इस दौरान रोबोट ने कुल 1,730 काम पूरे किए। इनमें 683 बार ग्राहकों का स्वागत करना, 369 सामान निकालकर देना और 147 कॉफी तैयार करना शामिल था।
कचरे से भरा डस्टबिन देखते ही बदल गया रास्ता
इस पूरे प्रयोग में सबसे ज्यादा चर्चा सफाई करने वाले रोबोट की हुई। रात की शिफ्ट के दौरान जब वह सफाई कर रहा था, तभी उसके रास्ते में कचरे से भरा डस्टबिन आ गया। इसके बाद रोबोट ने कचरा साफ करने या डस्टबिन खाली करने के बजाय अपना निर्धारित रास्ता छोड़ दिया और दुकान से बाहर निकल गया।
हैरानी की बात यह थी कि रोबोट वापस अपनी जगह पर भी नहीं लौटा। कंपनी की रिपोर्ट के मुताबिक, उसने अपनी निर्धारित ड्यूटी छोड़ दी। इस घटना को देखकर ऐसा लगा मानो रोबोट ने कचरे का ढेर देखकर नौकरी से ही तौबा कर ली हो।
एक और रोबोट भी काम में निकला सुस्त
सफाई करने वाला रोबोट ही नहीं, बल्कि अलमारियों की निगरानी करने वाला दूसरा रोबोट भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाया। उसे दुकान में सामान की कमी पहचानने और उन्हें दोबारा व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन कंपनी के मुताबिक, उसने इस काम में पर्याप्त सक्रियता नहीं दिखाई और दुकान की जरूरत के हिसाब से सामान व्यवस्थित करने में पीछे रह गया।
इस परीक्षण के बाद छह में से चार रोबोट का प्रदर्शन संतोषजनक माना गया, जबकि दो रोबोट को आगे सुधार की जरूरत बताई गई।
सोशल मीडिया पर लोगों ने लिए मजे
इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई कह रहा है कि रोबोट ने भी काम से बचने का तरीका खोज लिया, तो कोई इसे इंसानों जैसी हरकत बता रहा है। हालांकि, तकनीकी नजरिए से यह घटना बताती है कि रोबोट के लिए केवल तय काम करना ही नहीं, बल्कि अचानक सामने आने वाली परिस्थितियों को समझना और उनका समाधान निकालना भी बड़ी चुनौती है।