☰
×

सरकार करवा रही कर्मचारियों की डेटिंग! 21-35 साल के सरकारी कर्मचारियों के लिए शुरू हुई खास सर्विस

 

आमतौर पर सरकारें रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और दूसरी सार्वजनिक सेवाओं से जुड़ी योजनाएं चलाती हैं, लेकिन सिंगापुर में सरकार ने एक ऐसी पहल शुरू की है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है। यहां सरकारी कर्मचारियों के लिए खास डेटिंग और मैचमेकिंग सर्विस शुरू की गई है। इसका नाम FirstDate रखा गया है। इस पायलट प्रोग्राम का उद्देश्य अविवाहित सरकारी कर्मचारियों को पार्टनर तलाशने में मदद करना है।

यह पहल ऐसे समय में शुरू की गई है, जब सिंगापुर की जन्मदर लगातार गिर रही है। साल 2025 में देश की कुल प्रजनन दर रिकॉर्ड निचले स्तर 0.87 पर पहुंच गई थी। ऐसे में सरकार पहले से ही शादी और परिवार बढ़ाने को प्रोत्साहित करने के लिए कई प्रयास करती रही है।

कौन ले सकता है FirstDate सर्विस का फायदा?

FirstDate फिलहाल 21 से 35 साल की उम्र के सिंगल सरकारी कर्मचारियों के लिए पायलट आधार पर शुरू की गई है। इसमें शामिल होने वाले लोगों को अपनी पसंद, रुचियों, आदतों और मूल्यों से जुड़े सवालों का जवाब देना होता है।

इसके बाद सिस्टम उपलब्ध जानकारी के आधार पर यूजर के लिए संभावित पार्टनर तलाशता है। खास बात यह है कि इसमें एक साथ कई लोगों को स्वाइप करने के बजाय एक समय में केवल एक संभावित मैच दिया जाता है।

मैच बनाने के लिए इस्तेमाल हो रहा Nobel वाली थ्योरी का एल्गोरिदम

FirstDate की सबसे खास बात इसकी मैचमेकिंग तकनीक है। रिपोर्टों के मुताबिक, इसमें Gale-Shapley Stable Matching Algorithm का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह वही गणितीय मैचिंग थ्योरी है, जिसके लिए इसके सह-निर्माता लॉयड शेप्ली को 2012 में अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार मिला था।

यूजर को मैच मिलने के बाद दोनों पक्षों को एक-दूसरे की प्रोफाइल देखने का मौका मिलता है। अगर दोनों लोग सहमत होते हैं, तभी संपर्क की जानकारी साझा की जाती है।

जन्मदर घटने से सरकार की बढ़ी चिंता

सिंगापुर में कम होती जन्मदर सरकार के लिए बड़ी जनसांख्यिकीय चुनौती बन चुकी है। 2025 में वहां 30 हजार से भी कम बच्चों का जन्म हुआ था। लगातार कम होती प्रजनन दर और बढ़ती उम्रदराज आबादी के बीच सरकार युवाओं को रिश्ते और परिवार बनाने के लिए प्रोत्साहित करने की कोशिश कर रही है।

हालांकि, FirstDate को सीधे तौर पर जन्मदर बढ़ाने वाली योजना के रूप में पेश नहीं किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य सिंगल लोगों को पार्टनर तलाशने में मदद करना बताया गया है। फिर भी इसे सिंगापुर की व्यापक जनसांख्यिकीय चिंताओं से जोड़कर देखा जा रहा है।

सरकार की डेटिंग सर्विस पर क्या है लोगों की राय?

इस पहल ने लोगों के बीच उत्सुकता के साथ बहस भी छेड़ दी है। कुछ लोग इसे तकनीक के जरिए पार्टनर तलाशने का नया तरीका मान रहे हैं, जबकि कुछ लोगों को निजी जिंदगी में सरकार की भूमिका को लेकर सवाल हैं। FirstDate फिलहाल केवल पायलट प्रोग्राम है और इसे भविष्य में सभी सरकारी कर्मचारियों या आम लोगों के लिए शुरू किया जाएगा या नहीं, इस पर अभी फैसला नहीं हुआ है।

सिंगापुर इससे पहले भी सरकारी स्तर पर मैचमेकिंग की कोशिश कर चुका है। 1984 में Social Development Unit की शुरुआत की गई थी, जिसका उद्देश्य भी लोगों को पार्टनर तलाशने में मदद करना था। अब दशकों बाद सरकार ने तकनीक और AI के दौर में मैचमेकिंग का नया मॉडल पेश किया है।