☰
×

दिवाली पर जलती बाइक पर किया स्टंट, वीडियो देख लोग बोले- ये बहादुरी नहीं, मौत को दावत है

 

अच्छी कमाई के लिए बड़ी डिग्री और किसी बड़ी कंपनी में नौकरी करना जरूरी नहीं है। मुंबई के एक रसोइये की कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रही है। यह शख्स अलग-अलग घरों में खाना बनाकर और फिल्म सेट पर काम करके हर महीने करीब 1.05 लाख रुपये कमाता है। खास बात यह है कि अब 34 साल की उम्र में वह दोस्तों के साथ अपनी पहली विदेश यात्रा पर थाईलैंड जाने की तैयारी कर रहा है। उसकी कमाई और लाइफस्टाइल के बारे में जानकर सोशल मीडिया यूजर्स हैरान हैं। कई लोग तो यह तक कह रहे हैं कि हम आखिर जिंदगी में क्या कर रहे हैं?

चार जगह काम करके कमाता है 1.05 लाख रुपये

मुंबई के रहने वाले मनुराज गर्ग ने लिंक्डइन पर अपने कुक की कमाई और जिंदगी से जुड़ी कहानी साझा की है। उनकी पोस्ट के मुताबिक, यह कुक एक ही जगह काम करने के बजाय अलग-अलग घरों में खाना बनाता है।

वह मनुराज के घर सुबह और शाम खाना बनाने के लिए हर महीने 18 हजार रुपये लेता है। इसी बिल्डिंग के दूसरे फ्लैट से उसे 16,500 रुपये मिलते हैं। इसके अलावा पास में रहने वाले एक बड़े परिवार के यहां खाना बनाने और किचन से जुड़े काम संभालने के लिए उसे 38 हजार रुपये मिलते हैं।

इतना ही नहीं, शुक्रवार की रात को वह कभी-कभी फिल्म के सेट पर भी काम करता है। वहां रातभर चलने वाली शूटिंग के दौरान पूरी टीम के लिए खाना तैयार करता है। इसके बदले उसे एक शिफ्ट के करीब 7,500 रुपये मिलते हैं। इन सभी कामों को मिलाकर उसकी मासिक कमाई लगभग 1.05 लाख रुपये हो जाती है।

पत्नी भी कमाती हैं 45 हजार रुपये

मनुराज ने बताया कि कुक की पत्नी भी काम करती हैं और हर महीने करीब 45 हजार रुपये कमाती हैं। इस तरह दोनों की कुल घरेलू आमदनी लगभग 1.5 लाख रुपये हो जाती है।

मनुराज ने अपनी पोस्ट में इस कुक की आर्थिक स्थिति की तुलना अपने MBA और IIT से पढ़े कुछ दोस्तों से भी की। उनका कहना है कि कई कॉरपोरेट प्रोफेशनल्स की सैलरी कागजों पर काफी ज्यादा दिखाई देती है, लेकिन टैक्स, लोन की EMI, बच्चों की पढ़ाई और दूसरे खर्चों के बाद हाथ में कम पैसा बचता है।

दो किलोमीटर के दायरे में हैं सारे काम

इस कुक की कमाई का एक खास पहलू यह भी है कि उसके सभी काम करीब दो किलोमीटर के दायरे में हैं। इससे आने-जाने में ज्यादा समय और पैसा खर्च नहीं होता। इसके अलावा उसकी आमदनी किसी एक व्यक्ति या कंपनी पर निर्भर नहीं है।

अगर किसी एक घर का काम छूट भी जाता है तो बाकी जगहों से उसकी कमाई जारी रहेगी। मनुराज के मुताबिक, उसे नए काम के लिए भी लगातार पूछताछ मिलती रहती है।

कुक अपनी कमाई सोच-समझकर खर्च करता है और गैर-जरूरी चीजों पर पैसे उड़ाने से बचता है। हालांकि, उसे महंगे फोन का शौक है। उसने नया iPhone Pro भी खरीदा है, जिसकी EMI चुका रहा है।

पहली बार फ्लाइट में बैठेगा, थाईलैंड घूमने की तैयारी

इस कहानी का सबसे दिलचस्प हिस्सा उसकी विदेश यात्रा है। 34 साल का यह कुक अब अपने दोस्तों के साथ पहली बार थाईलैंड घूमने जाने वाला है। यह उसकी पहली हवाई यात्रा भी होगी और इसके लिए उसने पहली बार पासपोर्ट बनवाया है।

मनुराज ने बताया कि उन्होंने कुक के साथ थाईलैंड की यात्रा को लेकर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने उसे माया बे घूमने, वहां का स्ट्रीट फूड चखने और स्कूटर किराये पर लेकर घूमने जैसे सुझाव दिए। कुछ देर के लिए दोनों के बीच मालिक और कर्मचारी का रिश्ता पीछे छूट गया और वे दोस्तों की तरह यात्रा की बातें करने लगे।

सोशल मीडिया पर लोगों ने दिए मजेदार रिएक्शन

यह कहानी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कमाई, नौकरी और आर्थिक आजादी को लेकर चर्चा शुरू हो गई। कुछ यूजर्स ने कहा कि बड़ी डिग्री के बिना भी हुनर और मेहनत के दम पर अच्छी कमाई की जा सकती है। वहीं कई लोगों ने मजाक में लिखा कि इतनी कमाई और विदेश यात्रा का प्लान देखकर उन्हें अपनी जिंदगी पर दोबारा सोचने का मन हो रहा है।

मनुराज ने अपनी पोस्ट के जरिए यह सवाल भी उठाया कि किसी की आर्थिक स्थिति का आकलन केवल उसकी डिग्री, पद या सैलरी से नहीं किया जा सकता। असली मायने इस बात के हैं कि व्यक्ति अपनी कमाई में से कितना बचा पाता है और अपनी जिंदगी को कितनी आजादी से जी पाता है।

​​​​​​​