×

दुकान में विस्फोट से हवा में उछला दुकानदार का शव, शटर भी 60 फीट दूर गिरा

 

खेतड़ी शहर के निजामपुर जंक्शन पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे एक भयानक हादसा हुआ। एक हार्डवेयर की दुकान में जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि दुकान का लोहे का शटर करीब 60 फीट दूर जा गिरा, जबकि दुकानदार करीब 20 फीट दूर सड़क पर फेंका गया।

दुकानदार की मौके पर ही मौत हो गई। धमाके की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। खेतड़ी थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव और राहत कार्य शुरू किया। मृतक के शव को खेतड़ी के राजकीय अजीत उपजिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है।

मृतक की पहचान पपुरना निवासी शंकरलाल के रूप में हुई है। धमाके के बाद लगी आग ने पास की एक लाइब्रेरी और एक ई-मित्र की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड और खेतड़ी नगर निगम की दो फायर गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर खेतड़ी थानाधिकारी कैलाश चंद्र शर्मा, तहसीलदार सुनील कुमार और उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी भी वहां पहुंच गए। प्राथमिक जांच में अभी तक विस्फोट का कारण पता नहीं चला है।