बकरीद पर ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम के भैंसे की कुर्बानी पर लगी रोक, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान
ईद-उल-अजहा यानी बकरीद के मौके पर बांग्लादेश से एक बेहद अनोखा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक भैंसे की कुर्बानी पर आखिरी समय में रोक लगा दी गई, सिर्फ इसलिए क्योंकि उसका नाम “डोनाल्ड ट्रंप” था। यह मामला अब सोशल मीडिया से लेकर अंतरराष्ट्रीय मीडिया तक चर्चा का विषय बन गया है।
दरअसल, बांग्लादेश में एक दुर्लभ अल्बिनो (सफेद रंग का) भैंसा पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा था। इस भैंसे के सिर पर सुनहरे रंग के बाल थे, जो काफी हद तक अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump के हेयरस्टाइल जैसे दिखते थे। इसी वजह से उसके मालिक ने मजाक-मजाक में उसका नाम “डोनाल्ड ट्रंप” रख दिया।
देखते ही देखते यह भैंसा इंटरनेट सेंसेशन बन गया। लोग दूर-दूर से उसे देखने पहुंचने लगे और उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने लगीं। बताया जा रहा है कि करीब 700 किलो वजन वाले इस दुर्लभ भैंसे को बकरीद पर कुर्बानी के लिए बेच दिया गया था।
लेकिन जैसे-जैसे उसकी लोकप्रियता बढ़ी, प्रशासन भी हरकत में आ गया। बांग्लादेश सरकार ने आखिरी समय में हस्तक्षेप करते हुए उसकी कुर्बानी पर रोक लगा दी। अधिकारियों का कहना है कि भैंसे को लेकर लोगों में असामान्य रुचि और भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा कारणों से यह फैसला लिया गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार ने भैंसे को खरीदने वाले व्यक्ति के पैसे वापस करवाए और उसे राजधानी ढाका के राष्ट्रीय चिड़ियाघर भेज दिया गया, जहां अब उसकी देखभाल की जाएगी।
भैंसे के मालिक जियाउद्दीन मृधा ने बताया कि उनके छोटे भाई ने उसके बालों को देखकर उसका नाम “ट्रंप” रखा था। धीरे-धीरे यह नाम इतना वायरल हो गया कि लोग सिर्फ उसे देखने के लिए फार्म पर पहुंचने लगे।
सोशल मीडिया पर इस खबर को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे मजेदार घटना बता रहे हैं, तो कुछ लोग दुर्लभ जानवर को बचाने के फैसले की तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “ट्रंप नाम ने भैंसे की जान बचा दी।” वहीं दूसरे ने मजाक में कहा, “दुनिया में पहली बार किसी नाम की वजह से कुर्बानी रुकी होगी।”
फिलहाल यह अनोखा मामला इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है और लोग इसे बकरीद से जुड़ी सबसे अलग खबरों में से एक बता रहे हैं।