☰
×

न ऑफिस, न टारगेट का तनाव… बस सोकर कमाए 9.6 लाख रुपये, मुंबई की महिला ने जीती बाजी
 

 

आज के दौर में जहां लोग सुबह से शाम तक दफ्तर की भागदौड़, काम के दबाव और टारगेट पूरा करने के तनाव से परेशान रहते हैं, वहीं मुंबई की एक महिला ने ऐसा काम करके लाखों रुपये जीत लिए, जिसके बारे में सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। इस महिला ने करीब 60 दिनों तक सोने की एक अनोखी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपनी नींद के दम पर 9.6 लाख रुपये का नकद इनाम जीत लिया। इतना ही नहीं, उन्हें कंपनी की तरफ से छुट्टियां बिताने का मौका भी मिला।

इस महिला का नाम जीनिया चटर्जी है। उन्होंने घरेलू सामान और गद्दे बनाने वाली कंपनी वेकफिट की पांचवीं स्लीप इंटर्नशिप जीतकर भारत की ‘स्लीप चैंपियन’ का खिताब अपने नाम किया है। इस प्रतियोगिता में देशभर से 2 लाख से ज्यादा लोगों ने आवेदन किया था, लेकिन कड़े चयन के बाद केवल 10 प्रतिभागियों को मौका मिला।

60 दिनों तक अपनी नींद पर रखना था ध्यान

यह प्रतियोगिता करीब दो महीने तक चली। इसमें प्रतिभागियों को रोजाना अपनी नींद का रिकॉर्ड रखना था और एक तय समय पर सोने-जागने की आदत बनाए रखनी थी। उनकी नींद की गुणवत्ता और प्रदर्शन के आधार पर रोजाना अंक दिए जाते थे। इन्हीं अंकों से एक सूची तैयार होती थी, जिसमें प्रतिभागियों की रैंकिंग तय की जाती थी।

हालांकि, इस प्रतियोगिता में सिर्फ बिस्तर पर लेटे रहना ही काफी नहीं था। प्रतिभागियों को हर सप्ताह नींद से जुड़े कई मजेदार और रचनात्मक कार्य भी पूरे करने होते थे।

कभी फिल्मों के दृश्य, तो कभी तकिए-कंबल का मिशन

प्रतियोगिता में एक चुनौती का नाम ‘स्लीप सिनेमा’ था। इसमें प्रतिभागियों को मशहूर फिल्मों के दृश्यों को नींद से जोड़कर अपने अंदाज में दोबारा तैयार करना होता था।

एक अन्य चुनौती ‘स्लीप बिंगो’ में उन्हें पूरे सप्ताह अपनी सोने की आदतों पर नजर रखनी थी। वहीं, ‘अंडरकवर स्लीप मिशन’ में बातचीत के दौरान बिना सामने वाले को शक हुए ‘कंबल’ या ‘तकिया’ शब्द का 10 बार इस्तेमाल करना था।

हर सप्ताह सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी को ‘प्रो स्लीपर ऑफ द वीक’ का खिताब दिया जाता था।

फिनाले में भी मिलीं दो अनोखी चुनौतियां

करीब दो महीने बाद प्रतियोगिता अपने अंतिम चरण में पहुंची। जीनिया चटर्जी के साथ रत्नागिरी मणिकंदन और मेहेक खोट शीर्ष प्रतिभागियों में शामिल रहे। वहीं, हैदराबाद के करीम खान ने साप्ताहिक रचनात्मक चुनौतियों में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर वाइल्ड कार्ड से फिनाले में जगह बनाई।

फिनाले को ‘बिग बेड’ नाम दिया गया था। इसमें पहली चुनौती ‘मेमोरी फोम चैलेंज’ थी। इसके तहत प्रतिभागियों को कुछ तस्वीरें दिखाकर वैसा ही शयनकक्ष तैयार करना था। इस दौरान उनकी याददाश्त, चीजों को ध्यान से देखने और टीम के साथ काम करने की क्षमता परखी गई।

दूसरी चुनौती ‘स्लीप ऑक्शन’ थी। इसमें प्रतिभागियों को अच्छी नींद के लिए जरूरी चीजों, जैसे तकिया, कंबल, रोशनी, कमरे के तापमान और आवाज से जुड़ी सुविधाओं के लिए बोली लगानी थी।

आखिरी रात की नींद ने दिलाया 9.6 लाख का इनाम

दोनों चुनौतियों के बाद सभी फाइनलिस्ट ने अपने तैयार किए गए शयनकक्ष में एक आखिरी रात बिताई। उनके नींद के प्रदर्शन और अंकों के आधार पर विजेता का फैसला हुआ। इसमें जीनिया चटर्जी ने बाजी मार ली।

इस जीत के साथ उन्हें 9.6 लाख रुपये की नकद राशि और वेकफिट की ओर से प्रायोजित छुट्टियों का पैकेज मिला।

कंपनी ने साल 2019 में इस अनोखी इंटर्नशिप की शुरुआत की थी। इसके पहले चार सत्रों में 10 लाख से ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं और 65 प्रतिभागियों को एक-एक लाख रुपये का मानदेय दिया जा चुका है। कंपनी ने छठे सत्र के लिए पूर्व पंजीकरण भी शुरू कर दिया है।

जीनिया की यह कहानी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रही है। लोग मजाक में कह रहे हैं कि काश, ऐसी नौकरी उन्हें भी मिल जाए, जिसमें अलार्म बंद करके सोने के बदले लाखों रुपये मिलें। हालांकि, इस प्रतियोगिता में जीतने के लिए अच्छी नींद के साथ नियमित दिनचर्या और रचनात्मक चुनौतियों में भी बेहतर प्रदर्शन करना जरूरी था।