न IIT, न MBA… सिर्फ इन स्किल्स के दम पर 22 साल के लड़के ने कमाए 1.4 करोड़!
आज के समय में अच्छी नौकरी और मोटी सैलरी पाने के लिए युवाओं के बीच IIT, IIM और बड़े कॉलेजों में एडमिशन लेने की होड़ लगी रहती है। लेकिन 22 साल के एक युवक की कहानी इस सोच को चुनौती दे रही है। कभी वह महज 20 हजार रुपये महीने की नौकरी करता था, लेकिन अपनी स्किल्स को लगातार बेहतर बनाकर उसने पिछले एक साल में 1.4 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाने का दावा किया है। खास बात यह है कि उसने किसी प्रतिष्ठित संस्थान से पढ़ाई नहीं की, बल्कि किताबों, ऑनलाइन कोर्स और अपने अनुभव से करियर बनाया।
12वीं के बाद ही शुरू कर दिया था काम करना
इस युवक ने Reddit के r/sidehustleIndia कम्युनिटी में अपनी सफलता की कहानी साझा की। उसने बताया कि 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद ही उसने नौकरी करना शुरू कर दिया था। उस समय वह एक टियर-3 कॉलेज से BCA की पढ़ाई भी कर रहा था और साथ में फुलटाइम जॉब करता था।
करियर के शुरुआती दिनों में उसकी औसत मासिक कमाई करीब 20 हजार रुपये थी। हालांकि, उसने कम सैलरी की वजह से सीखना बंद नहीं किया। वह लगातार नई चीजें सीखता रहा और अपनी क्षमताओं को बढ़ाने पर ध्यान देता रहा।
सबसे पहले सीखी कॉपीराइटिंग की स्किल
युवक के मुताबिक, उसने सबसे पहले डायरेक्ट रिस्पॉन्स कॉपीराइटिंग सीखना शुरू किया। इसके लिए उसने किताबों और ऑनलाइन कोर्स की मदद ली। कॉपीराइटिंग के जरिए कंपनियों के लिए ऐसे विज्ञापन और कंटेंट तैयार किए जाते हैं, जिनसे ग्राहक कोई प्रोडक्ट खरीदने या सर्विस लेने के लिए प्रेरित हों।
इसके बाद उसने खुद को केवल कॉपीराइटिंग तक सीमित नहीं रखा। धीरे-धीरे उसने कई दूसरी महत्वपूर्ण स्किल्स भी सीखीं।
इनमें शामिल हैं:
-
Direct Response Copywriting: ग्राहकों को आकर्षित करने वाले विज्ञापन और मार्केटिंग कंटेंट लिखना।
-
Media Buying: डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विज्ञापनों के लिए बजट और कैंपेन मैनेज करना।
-
Funnel Economics: संभावित ग्राहकों को खरीदार में बदलने की प्रक्रिया समझना।
-
Product Research: बाजार और ग्राहकों की जरूरत के हिसाब से प्रोडक्ट की रिसर्च करना।
-
Recruitment: कंपनी के लिए सही लोगों की तलाश और नियुक्ति करना।
इसके साथ ही उसने LinkedIn का इस्तेमाल करके अमेरिका और यूरोप के क्लाइंट्स से संपर्क बनाना शुरू किया।
अमेरिकी कंपनी में मिला बड़ा मौका
लगातार मेहनत और अनुभव के बाद उसे अमेरिका की एक सप्लीमेंट ब्रांड कंपनी में Head of Paid Social की जिम्मेदारी मिली। यहां उसका काम कंपनी के डिजिटल मार्केटिंग कैंपेन, विज्ञापन और सेल्स फनल को मैनेज करना था।युवक ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि उसने कंपनी को बिल्कुल शुरुआती स्तर से बढ़ाकर हर महीने 35 लाख डॉलर यानी करीब 3.5 मिलियन डॉलर के रेवेन्यू तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।उसके काम से कंपनी इतनी प्रभावित हुई कि उसकी सैलरी में 250 फीसदी की बढ़ोतरी की गई। इसके अलावा बोनस के ढांचे में भी बदलाव किया गया।
एक साल में 1.4 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाई
युवक ने अपनी पोस्ट में बताया कि करियर के शुरुआती चार सालों तक उसकी औसत मासिक कमाई करीब 20 हजार रुपये रही। लेकिन पिछले एक साल में उसकी कमाई 1.4 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई।उसने युवाओं को सलाह दी कि ऐसी स्किल सीखनी चाहिए, जिसका सीधा संबंध किसी कंपनी की कमाई से हो। उसके मुताबिक, AI ऑटोमेशन जैसी स्किल्स भी आज के समय में अच्छे अवसर दे सकती हैं।
युवाओं को दी धैर्य रखने की सलाह
अपनी सफलता के बारे में बताते हुए युवक ने कहा कि रातोंरात अमीर बनने का कोई शॉर्टकट नहीं होता। इसके लिए लगातार सीखना, मेहनत करना और धैर्य रखना जरूरी है।उसने यह भी कहा कि अगर किसी छात्र को IIT या किसी बड़े मेडिकल कॉलेज में एडमिशन नहीं मिलता तो उसे खुद को कमतर नहीं समझना चाहिए। सही स्किल्स और मेहनत के दम पर दूसरे रास्तों से भी करियर में आगे बढ़ा जा सकता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई कहानी
युवक की कहानी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग उसकी मेहनत और सीखने की ललक की तारीफ कर रहे हैं। कुछ यूजर्स ने कहा कि केवल डिग्री ही सफलता की गारंटी नहीं होती, जबकि कई लोगों ने डिजिटल मार्केटिंग और कॉपीराइटिंग जैसी स्किल्स सीखने में दिलचस्पी दिखाई।हालांकि, 1.4 करोड़ रुपये की कमाई और कंपनी के रेवेन्यू से जुड़े आंकड़े युवक की अपनी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित हैं। इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।