☰
×

जापान की फेमस टिकटॉकर को पसंद आया भारत, सूटकेस पैक करके मुंबई में हो गई शिफ्ट

 

भारत की संस्कृति, खानपान और यहां के लोगों का अपनापन विदेशी पर्यटकों को अक्सर आकर्षित करता है। कई लोग यहां घूमने आते हैं और कुछ को भारत इतना पसंद आ जाता है कि वे यहीं रहने का फैसला कर लेते हैं। ऐसी ही कहानी जापान की मशहूर सोशल मीडिया क्रिएटर हिकारू-सान की है, जो जापान छोड़कर मुंबई में रहने आ गईं। भारत में पिछले आठ महीने बिताने के बाद उन्होंने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि यहां रहने से जिंदगी को देखने का उनका नजरिया बदल गया है। 

आठ महीने से मुंबई में रह रही हैं हिकारू-सान

हिकारू-सान जापान की डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं। वह सोशल मीडिया पर अपने वीडियो के जरिए लोगों से जुड़ी रहती हैं। मुंबई आने के बाद उन्होंने भारतीय संस्कृति, यहां के खानपान और रोजमर्रा की जिंदगी को करीब से अनुभव किया।हाल ही में उन्होंने एक वीडियो साझा किया, जिसमें बताया कि भारत में रहते हुए उन्हें आठ महीने हो चुके हैं। उनका कहना है कि यहां का अनुभव शानदार रहा है। हालांकि, इंटरनेट पर भारत के बारे में दिखाई जाने वाली कुछ नकारात्मक सामग्री देखकर उन्हें हैरानी हुई।

सोशल मीडिया पर भारत की छवि को लेकर उठाए सवाल

हिकारू-सान ने कहा कि उनकी सोशल मीडिया फीड पर ऐसे वीडियो दिखाई दे रहे थे, जिनमें भारत को केवल गरीबी और गंदगी से जोड़कर दिखाया जाता है। उन्होंने इस तरह की एकतरफा तस्वीर पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर देश में अच्छी और बुरी दोनों तरह की चीजें होती हैं।उनके मुताबिक, जापान में भी कुछ जगहों पर गंदगी देखने को मिल सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि पूरे देश को उसी आधार पर परिभाषित कर दिया जाए। इसी तरह भारत जैसे विशाल और विविधता वाले देश के बारे में भी कुछ वीडियो देखकर राय बना लेना सही नहीं है।उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि क्या केवल ज्यादा व्यूज हासिल करने के लिए किसी देश की नकारात्मक तस्वीर दिखाना उचित है।

भारतीय खाना और संस्कृति आई पसंद

हिकारू-सान ने भारत में अपने अनुभव के बारे में बताते हुए यहां के लोगों, स्कृति और खाने की तारीफ की। उनका कहना है कि भारत को करीब से देखने पर उन्हें ऐसी कई चीजें समझ आईं, जिन्हें सोशल मीडिया पर दिखाई जाने वाली सामग्री से नहीं जाना जा सकता।उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी देश के बारे में राय बनाने से पहले वहां जाकर या वहां रहने वाले लोगों के अनुभवों को समझना चाहिए। उनके अनुसार, भारत बहुत बड़ा देश है और अलग-अलग शहरों तथा इलाकों में लोगों के अनुभव भी अलग हो सकते हैं।

भारत ने जिंदगी को देखने का नजरिया बदला

हिकारू-सान ने अपने वीडियो में एक और दिलचस्प बात कही। उन्होंने बताया कि भारत में उन्होंने देखा कि जब कोई चीज खराब हो जाती है, तो लोग उसे तुरंत फेंकने के बजाय ठीक करके दोबारा इस्तेमाल करने की कोशिश करते हैं।उन्होंने इस विचार को अपनी जिंदगी से जोड़ते हुए कहा कि इंसान भी खुद में बदलाव ला सकता है, आगे बढ़ सकता है और अपने व्यक्तित्व को नया रूप दे सकता है। उनके मुताबिक, भारत में रहने के अनुभव ने उन्हें खुद को और दुनिया को अलग नजरिए से देखने में मदद की।

सोशल मीडिया पर लोगों ने दी प्रतिक्रिया

हिकारू-सान का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनकी बातों का समर्थन किया। कुछ यूजर्स ने कहा कि भारत की विविधता को समझने के लिए यहां के अलग-अलग हिस्सों को देखना जरूरी है। वहीं, कुछ लोगों ने यह भी कहा कि देश की अच्छी छवि के साथ-साथ वास्तविक समस्याओं पर भी चर्चा होनी चाहिए।हिकारू-सान की कहानी इस बात की याद दिलाती है कि किसी देश को केवल इंटरनेट पर दिखाई देने वाले वीडियो से नहीं समझा जा सकता। किसी जगह की असली पहचान वहां के लोगों, संस्कृति और रोजमर्रा के जीवन को करीब से जानने पर सामने आती है।