×

आधी रात को सड़क पर मिला 1.5 लाख का iPhone! जापान में महिला के साथ हुआ हैरान करने वाला वाकया
 

 

महंगा स्मार्टफोन कहीं खो जाए तो किसी के भी होश उड़ सकते हैं। लेकिन जापान में रहने वाली एक भारतीय महिला के साथ जो हुआ, उसने उसे भी हैरान कर दिया। महिला ने अपना करीब 1.5 लाख रुपये कीमत वाला iPhone 16 Pro खो दिया। रात करीब 12 बजे उसे फोन गायब होने का पता चला। जब उसने लोकेशन ट्रैक की तो फोन करीब 600 मीटर दूर एक जगह पर दिखाई दे रहा था।

रात 12 बजे शुरू हुई फोन की तलाश

रिपोर्ट के मुताबिक, महिला का नाम प्रगति है और वह जापान में रहती हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें अक्सर अपना फोन चेक करने की आदत नहीं है। यही वजह है कि कई बार उन्हें दो-तीन घंटे तक पता ही नहीं चलता कि फोन उनके पास नहीं है।

इस बार जब उन्हें iPhone 16 Pro के गायब होने का पता चला तो रात के करीब 12 बज चुके थे। उन्होंने दूसरे डिवाइस की मदद से Apple के Find My फीचर पर फोन की लोकेशन देखी। स्क्रीन पर फोन करीब 600 मीटर दूर दिखाई दे रहा था।

लोकेशन पर पहुंचीं तो उड़ गए होश

महिला रात में ही फोन की लोकेशन के पीछे चल पड़ीं। ट्रैकिंग करते हुए वह एक ऐसी जगह पहुंचीं, जहां वह कुछ समय पहले बैठी थीं। वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि उनका महंगा iPhone वहीं रखा हुआ था।

सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि कई घंटे तक सड़क किनारे पड़े रहने के बावजूद फोन को किसी ने उठाया नहीं था। महिला ने बताया कि यह जापान में उनका फोन खोने और फिर वापस मिलने का पांचवां मौका था। इससे पहले भी उनका फोन पुलिस स्टेशन, सब्जी मंडी और शॉपिंग मॉल के ट्रायल रूम जैसी जगहों से वापस मिल चुका है।