पाइनएप्पल से इतनी नफरत कि नौकरी तक दांव पर लगा दी, शेफ के हाथों से गई लाखों की Job
पिज्जा पर कौन-सी टॉपिंग होनी चाहिए और कौन-सी नहीं, इसे लेकर अक्सर लोगों के बीच बहस होती रहती है। कुछ लोगों को पिज्जा पर पाइनएप्पल यानी अनानास बेहद पसंद है, तो कई लोग इसे इटैलियन डिश के साथ प्रयोग मानते हैं। लेकिन ऑस्ट्रेलिया में एक इटैलियन शेफ ने अनानास को लेकर ऐसा कदम उठाया कि उसकी नौकरी ही चली गई। शेफ ने ग्राहक की मांग पर पिज्जा में पाइनएप्पल डालने से साफ इनकार कर दिया। उसका तर्क था कि पिज्जा पर अनानास डालना उसकी संस्कृति का अपमान है।
यह मामला ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन स्थित ला कोस्टा रेस्टोरेंट का है। शेफ डेविड टैम्बुरेला को मई में नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके बाद उन्होंने इसे गलत तरीके से नौकरी से निकाले जाने का मामला बताते हुए ऑस्ट्रेलिया के फेयर वर्क कमीशन में शिकायत की थी। हालांकि, कमीशन ने उनकी शिकायत खारिज कर दी।
चार साल में तीसरी बार पाइनएप्पल डालने से किया इनकार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डेविड टैम्बुरेला ने एक कार्यक्रम में आए मेहमानों के लिए हैम और पाइनएप्पल पिज्जा बनाने से मना कर दिया था। उनका कहना था कि इटैलियन होने के नाते वह पिज्जा पर अनानास डालने को अपनी संस्कृति का अपमान मानते हैं।
खास बात यह है कि यह पहली बार नहीं था जब शेफ ने ऐसा किया। पिछले चार साल में यह तीसरी बार था, जब उन्होंने पिज्जा पर पाइनएप्पल डालने से इनकार किया। इससे पहले भी उन्होंने अपने मैनेजमेंट से कहा था कि इटली के लोगों के लिए पिज्जा में अनानास न डालने की परंपरा कितनी महत्वपूर्ण है, इस पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
नौकरी से निकालने के पीछे दूसरी शिकायतें भी थीं
इस मामले में रेस्टोरेंट मैनेजमेंट का कहना है कि शेफ को केवल पाइनएप्पल पिज्जा बनाने से मना करने के कारण नौकरी से नहीं निकाला गया था। रेस्टोरेंट के मैनेजर इलियट इंग्राम के मुताबिक, डेविड के खिलाफ कई शिकायतें थीं और नौकरी से हटाने का फैसला कई कारणों को ध्यान में रखकर लिया गया था।
फेयर वर्क कमीशन के दस्तावेजों में भी शेफ के व्यवहार को लेकर कुछ शिकायतों का जिक्र किया गया। इनमें अनुचित भाषा का इस्तेमाल, बातचीत का तरीका, पेशेवर व्यवहार और कार्यस्थल पर बढ़ती नाराजगी जैसी बातें शामिल थीं। मैनेजमेंट के अनुसार, ग्राहक की मांग ठुकराना भी इन कारणों में से एक था।
फेयर वर्क कमीशन में भी नहीं मिली राहत
नौकरी जाने के बाद डेविड ने फेयर वर्क कमीशन में अनुचित बर्खास्तगी की शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, कमीशन ने उनकी याचिका खारिज कर दी। इसकी प्रमुख वजह यह थी कि उन्होंने निर्धारित 21 दिनों की समयसीमा के बाद शिकायत दर्ज कराई थी। कमीशन को समयसीमा बढ़ाने के लिए असाधारण परिस्थितियों के पर्याप्त आधार नहीं मिले।
इस तरह शेफ को अपनी कानूनी लड़ाई में भी राहत नहीं मिल सकी।
अनानास का गढ़ है क्वींसलैंड
इस पूरे मामले का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि जिस ऑस्ट्रेलियाई राज्य क्वींसलैंड में यह विवाद हुआ, उसे देश में अनानास उत्पादन का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां अनानास से जुड़ा एक मशहूर पर्यटन स्थल 'द बिग पाइनएप्पल' भी है।
वहीं, पिज्जा पर अनानास डालने की शुरुआत साल 1962 में कनाडा में हुई थी। ग्रीक मूल के शेफ सैम पैनोपोलोस ने पहली बार पिज्जा पर अनानास का इस्तेमाल किया था। इसे हवाईयन पिज्जा नाम दिया गया। आज भी दुनिया भर में इस पिज्जा को लेकर लोगों की राय बंटी हुई है। कोई इसे पसंद करता है तो कोई इसे पारंपरिक पिज्जा के खिलाफ मानता है।
हालांकि, इस विवाद के बाद डेविड टैम्बुरेला अब ब्रिस्बेन के ही एक दूसरे रेस्टोरेंट में काम कर रहे हैं। यानी पाइनएप्पल पिज्जा को लेकर शुरू हुआ विवाद उनकी पुरानी नौकरी जरूर ले गया, लेकिन शेफ के तौर पर उनका करियर आगे बढ़ रहा है।