×

₹62 लाख के गहने पहनकर हाथी का रैंप-वॉक, जयपुर में दिखा शाही अंदाज; बाबू हाथी बना शोस्टॉपर

 

फैशन शो में आपने अक्सर मॉडल्स को रैंप पर चलते देखा होगा, लेकिन राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक ऐसा अनोखा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया। यहां एक हाथी ने 62 लाख रुपए के शाही गहने पहनकर रैंप वॉक किया। जयपुर के आमेर स्थित हाथी गांव में आयोजित इस खास कार्यक्रम में हाथियों ने राजसी अंदाज में रेड कारपेट पर कदम रखा।

विश्व हाथी दिवस के मौके पर आयोजित इस अनोखे एलिफेंट फैशन शो में 21 हाथियों को पारंपरिक राजस्थानी पोशाक और आभूषणों से सजाया गया। इनमें सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रहा बाबू हाथी, जिसे करीब 62 लाख रुपए कीमत के चांदी के गहनों से सजाया गया था।

शाही गहनों में सजा बाबू हाथी

बाबू हाथी को माथे की पट्टी, कंठहार, पायजेब और अन्य पारंपरिक आभूषण पहनाए गए थे। ये गहने रियासतकालीन परंपरा से जुड़े बताए जाते हैं। इन आभूषणों को जयपुर के पूर्व राजपरिवार की ओर से हाथी पालकों के परिवार को उपहार में दिया गया था।

जब बाबू हाथी इन शाही गहनों और पारंपरिक सजावट के साथ करीब 50 मीटर लंबे रेड कारपेट पर उतरा तो वहां मौजूद पर्यटक और दर्शक देखते रह गए। हाथी के रैंप पर चलते ही लोगों ने तालियां बजाकर उसका स्वागत किया और इस अनोखे पल को कैमरों में कैद किया।

21 हाथियों ने दिखाया राजसी अंदाज

कार्यक्रम में बाबू के अलावा चंदा, पुष्पा, हेमा समेत कई अन्य हाथियों ने भी रैंप वॉक किया। सभी हाथियों को प्राकृतिक रंगों, पारंपरिक कपड़ों और चांदी के आभूषणों से सजाया गया था। महावत भी राजस्थानी पोशाक पहनकर हाथियों के साथ मौजूद रहे।

आयोजन में देशी-विदेशी पर्यटकों ने हिस्सा लिया। लोगों ने हाथियों की शाही सजावट और उनकी चाल को खूब पसंद किया। कई पर्यटकों ने इस नजारे को राजस्थान की संस्कृति और परंपरा से जोड़कर देखा।

सूंड से काटा केक, हुई फलों की दावत

फैशन शो के बाद हाथियों के लिए खास सेलिब्रेशन भी किया गया। हाथियों ने अपनी सूंड से केक काटा और उन्हें केले, तरबूज, पपीता समेत कई तरह के फल खिलाए गए। कार्यक्रम के जरिए हाथियों के संरक्षण और उनके महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

संरक्षण का संदेश देने की कोशिश

आयोजकों का कहना है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ हाथियों को सजाकर दिखाना नहीं था, बल्कि लोगों को वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी था। जयपुर का हाथी गांव हाथियों की देखभाल और उनसे जुड़ी परंपराओं के लिए जाना जाता है।

शाही गहनों से सजे हाथियों का यह रैंप वॉक सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया। लोगों ने इसे राजस्थान की संस्कृति, परंपरा और हाथियों के प्रति प्रेम का अनोखा प्रदर्शन बताया।