हरिद्वार के हर की पैड़ी पर नशे में युवकों का हुड़दंग, महिलाओं पर फब्तियां; वीडियो वायरल होने के बाद गिरफ्तारी
हर की पैड़ी से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां यूपी के बागपत से आए चार युवकों ने शराब के नशे में जमकर हुड़दंग मचाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।जानकारी के मुताबिक चारों युवक बागपत के रहने वाले बताए जा रहे हैं। आरोप है कि उन्होंने हर की पैड़ी घाट पर महिलाओं पर फब्तियां कसीं और गंगा नदी के भीतर अश्लील हरकतें कीं।
वायरल वीडियो में युवक नशे की हालत में हंगामा करते नजर आ रहे हैं। घाट पर मौजूद लोगों ने उनकी हरकतों का विरोध भी किया, लेकिन आरोपी नहीं माने। इसके बाद किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी फैल गई। लोगों ने पवित्र धार्मिक स्थल पर इस तरह की हरकतों को लेकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मामले की जानकारी मिलने पर उत्तराखंड पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि हर की पैड़ी करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और यहां इस तरह की घटनाएं धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।