बोनट पर चढ़ी भालू, कार में छेद हो गया, बच्चे के लिए कार पर झपट पड़ी मां…डैशकैम में कैद हुआ खौफनाक वीडियो
जापान के होक्काइडो से एक बेहद खौफनाक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक मां भालू अपने बच्चे की सुरक्षा के लिए कार पर हमला करती नजर आ रही है। यह पूरा घटनाक्रम कार में लगे डैशकैम में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में दिखाई देता है कि सड़क पर एक भालू अपने बच्चे के साथ आगे बढ़ रहा था। कार चालक ने दोनों को देखकर वाहन धीमा किया, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने चालक की हालत खराब कर दी।
घटना होक्काइडो के बिफुका इलाके की बताई जा रही है। रिपोर्टों के मुताबिक, कार के सामने पहले एक बड़ा भालू और उसका बच्चा दिखाई दिए। दोनों कुछ समय के लिए वाहन से दूर जाते नजर आए। इसी दौरान चालक ने कार रोक दी। अचानक बड़ा भालू पलटा और तेजी से कार की ओर दौड़ पड़ा।
मां भालू ने सीधे कार के बोनट पर हमला कर दिया। वह अपने पंजों और शरीर से वाहन के अगले हिस्से पर जोर-जोर से वार करती दिखाई दी। इतना ही नहीं, भालू ने बोनट को दांतों से काटने की भी कोशिश की। हमले के दौरान कार के अगले हिस्से पर गहरे निशान पड़े और बोनट में छेद तक हो गया। डैशकैम फुटेज में भालू का आक्रामक अंदाज देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि उस वक्त कार के अंदर मौजूद व्यक्ति कितनी दहशत में रहा होगा।
रिपोर्टों के अनुसार, भालू ने कार पर एक से ज्यादा बार हमला किया। कुछ देर तक वाहन के आसपास रहने के बाद वह अपने बच्चे के साथ जंगल की ओर चला गया। राहत की बात यह रही कि कार में मौजूद चालक को कोई चोट नहीं आई। पुलिस ने घटना से जुड़ा डैशकैम वीडियो जारी किया है।
माना जा रहा है कि मां भालू ने कार को अपने बच्चे के लिए खतरा समझकर हमला किया। जंगली जानवरों के विशेषज्ञों के मुताबिक, अपने बच्चों के आसपास मौजूद मादा भालू बेहद आक्रामक प्रतिक्रिया दे सकती है। खासतौर पर तब, जब उसे लगे कि इंसान या कोई वाहन उसके बच्चे के बहुत करीब आ गया है।
इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर वाहन चालकों को जंगल और भालुओं के आवास वाले इलाकों से गुजरते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। होक्काइडो में हाल के दिनों में भालुओं के दिखाई देने की घटनाएं भी चिंता का विषय बनी हुई हैं।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। लोग मां भालू के आक्रामक व्यवहार को देखकर हैरान हैं। वीडियो यह भी दिखाता है कि जंगल के करीब सड़क पर जंगली जानवरों से दूरी बनाए रखना कितना जरूरी है। कुछ सेकंड की यह घटना कार चालक के लिए जिंदगी भर याद रहने वाला डरावना अनुभव बन गई।