☰
×

संजय कपूर की मौत के बाद परिवार में छिड़ी जंग, 6 हजार करोड़ के सेटलमेंट की मांग से मचा हड़कंप

 

बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और दिवंगत बिजनेसमैन संजय कपूर की संपत्ति को लेकर परिवार में विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। करीब 30 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति और RK Family Trust को लेकर चल रही कानूनी लड़ाई में अब एक नया मोड़ आया है। संजय कपूर की मां रानी कपूर ने समझौते के लिए 6,000 करोड़ रुपये और ट्रस्ट की अन्य संपत्तियों की मांग रखी है।

बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति, दिवंगत बिजनेसमैन संजय कपूर की संपत्ति को लेकर फिर से बड़ा विवाद छिड़ गया है।

बताया जा रहा है कि संजय कपूर की मां रानी कपूर ने समझौते के बदले 6,000 करोड़ रुपये की मांग रखी है।

पूरा विवाद संजय कपूर की वसीयत को लेकर है। एक कथित वसीयत… pic.twitter.com/aiqKEQxySz

— Anuj Agnihotri Swatntra (@ASwatntra) November 28, 2026


दरअसल, इस विवाद में संजय कपूर की मां रानी कपूर, उनकी तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर और करिश्मा कपूर के दोनों बच्चे समायरा और कियान शामिल हैं। रानी कपूर ने RK Family Trust की वैधता और उसके गठन पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि उनके पति की संपत्तियां उनकी पूरी सहमति के बिना ट्रस्ट में ट्रांसफर की गईं। हालांकि, प्रिया कपूर की तरफ से इन आरोपों का विरोध किया गया है।

मामले को सुलझाने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने मई 2026 में पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ को मध्यस्थ नियुक्त किया था। करीब 15 दौर की बातचीत के बावजूद परिवार के बीच समझौता नहीं हो पाया। 26 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट को बताया गया कि रानी कपूर ने अपने दावों के निपटारे के लिए 6,000 करोड़ रुपये मांगे हैं।

दूसरी तरफ, प्रिया कपूर के वकीलों ने ट्रस्ट की संपत्तियों का मूल्य करीब 30 हजार करोड़ रुपये बताया। वहीं, करिश्मा कपूर के बच्चों की ओर से ट्रस्ट में 24 से 26 प्रतिशत हिस्सेदारी का दावा किया गया है। प्रिया कपूर के पक्ष ने उनके लिए 60 प्रतिशत और बाकी 40 प्रतिशत बच्चों के बीच बांटने की दलील दी।

सुप्रीम कोर्ट ने मध्यस्थता की प्रक्रिया समाप्त कर दी है और संकेत दिया है कि अब मामले में कानूनी सुनवाई आगे बढ़ेगी। इस तरह संजय कपूर की विरासत को लेकर परिवार के बीच चल रहा विवाद फिलहाल खत्म होता नजर नहीं आ रहा है।अब सबकी नजर इस बात पर है कि अदालत इस बड़े संपत्ति विवाद में क्या फैसला सुनाती है और संजय कपूर की विरासत पर किसका कितना अधिकार तय होता है।